BNT Desk: के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और ‘जनशक्ति जनता दल’ के सुप्रीमो तेजप्रताप यादव को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। बुधवार की सुबह अचानक तेजप्रताप यादव की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में पटना के कंकड़बाग स्थित मेडिवर्सल हॉस्पिटल के इमरजेंसी वार्ड में ले जाया गया। बताया जा रहा है कि तेजप्रताप यादव को पेट में तेज दर्द की शिकायत थी।
अस्पताल में हुई कई जांचें, करीब 2 घंटे तक रहे डॉक्टर साथ
जानकारी के अनुसार, तेजप्रताप यादव बुधवार सुबह लगभग 11 बजे खुद अस्पताल पहुंचे थे। उनकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने तुरंत उनका चेकअप शुरू किया। डॉ. मराची रंजन ने उनकी शुरुआती जांच की, जिसके बाद डॉक्टरों ने पेट से संबंधित कुछ अन्य टेस्ट और अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी। मेडिवर्सल अस्पताल के ही डॉ. पीयूष ने उनका अल्ट्रासाउंड किया। राहत की बात यह है कि करीब 2 से ढाई घंटे चली गहन जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि फिलहाल सब कुछ सामान्य (Normal) है।
सर्दी से बचाव और खाने-पीने का मिला परहेज
अस्पताल से बाहर निकलते समय तेजप्रताप यादव पूरी तरह से एहतियात बरतते हुए नजर आए। उन्होंने ठंड से बचने के लिए शरीर पर ऊनी चादर ओढ़ी हुई थी और सिर पर मोटा मफलर भी बांध रखा था। डॉक्टरों ने उन्हें कुछ जरूरी दवाइयां दी हैं और खाने-पीने में विशेष सावधानी बरतने यानी परहेज करने की सलाह दी है। दिलचस्प बात यह है कि तेजप्रताप एक दिन पहले यानी मंगलवार रात को भी इसी अस्पताल आए थे, लेकिन तब वे खुद मरीज नहीं थे बल्कि किसी परिचित को देखने पहुंचे थे।
नए साल 2026 के लिए दीं शुभकामनाएं
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद तेजप्रताप यादव ने मीडिया और अपने समर्थकों से बात की। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि अब वे बेहतर महसूस कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने आने वाले नए साल 2026 के लिए बिहार की जनता को अग्रिम बधाई भी दी। उन्होंने अपने भाई तेजस्वी यादव और पूरे परिवार सहित बिहार के सभी लोगों के लिए सुख-समृद्धि की कामना की। तेजप्रताप के इस अंदाज से उनके समर्थकों ने राहत की सांस ली है।