BNT Desk: बिहार बीजेपी की कमान संभालने के बाद संजय सरावगी ने सोमवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। अध्यक्ष बनने के बाद पीएम मोदी के साथ उनकी यह पहली औपचारिक भेंट थी। इस मुलाकात के दौरान सरावगी ने प्रधानमंत्री का आशीर्वाद लिया और बिहार के भविष्य को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस मुलाकात की तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरी हैं।
पुनौरा धाम का मोमेंटो और खास तोहफे
इस मुलाकात में संजय सरावगी ने पीएम मोदी को बेहद खास तोहफे भेंट किए। उन्होंने मां जानकी की जन्मस्थली ‘पुनौरा धाम’ की तस्वीर वाला एक सुंदर मोमेंटो प्रधानमंत्री को दिया। यह मोमेंटो विशेष धातु से बना है, जिसमें भगवान राम, लक्ष्मण और माता सीता की छवि उकेरी गई है। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री को मधुबनी पेंटिंग वाली एक पारंपरिक शॉल भी भेंट की, जो बिहार की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाती है।
बिहार के मखाने और किसानों पर मंथन
बैठक के दौरान बिहार के विकास के साथ-साथ ‘मखाना’ उद्योग पर लंबी बातचीत हुई। पीएम मोदी ने मखाना उत्पादन करने वाले किसानों की स्थिति और उनके रोजगार के अवसरों को लेकर गहरी दिलचस्पी दिखाई। प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार मखाना किसानों के कल्याण और इस क्षेत्र के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने मिथिलांचल और पूरे बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए संजय सरावगी को विशेष मार्गदर्शन भी दिया।
सोशल मीडिया पर साझा किया अनुभव
मुलाकात के बाद संजय सरावगी ने ‘X’ पर तस्वीरें साझा करते हुए अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने पीएम मोदी को विश्व का सबसे लोकप्रिय नेता बताया और कहा कि प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन संगठन को मजबूत करने और जनसेवा के कार्यों में प्रेरणा देगा। बता दें कि दिलीप जायसवाल के बाद पार्टी ने संजय सरावगी को बिहार बीजेपी की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, और इस मुलाकात को बिहार की राजनीति और विकास के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।