BNT Desk: बिहार के भोजपुर जिले के कोइलवर थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटका चंदा गांव में शनिवार देर शाम आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यज्ञशाला महावीर मंदिर के समीप हथियारबंद बदमाशों ने एक पलंबर मिस्त्री को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस वारदात के बाद पूरे गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया। घायल युवक की पहचान छोटका चंदा गांव निवासी शिव भजन राय के 25 वर्षीय पुत्र विनोद कुमार के रूप में हुई है, जो पेशे से पलंबर मिस्त्री हैं।
कैसे हुआ विवाद की शुरुआत
घायल विनोद कुमार के अनुसार, उनके बड़े भाई मंतोष कुमार, जो उदवंतनगर प्रखंड के पशुपालन विभाग में निजी तौर पर कार्यरत हैं, शनिवार रात ड्यूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के चार युवकों ने रास्ते में उन्हें रोककर गाली-गलौज की। किसी तरह वह बिना विवाद बढ़ाए घर लौट आए। अगले दिन रविवार सुबह मंतोष कुमार ने इस घटना की शिकायत गांव के ही युवक कन्हैया राय से की, जिस पर फिर से गाली-गलौज और मारपीट की गई।
थाने से लौटते ही हुआ जानलेवा हमला
इस विवाद के बाद पीड़ित पक्ष ने स्थानीय थाना में शिकायत दर्ज कराई। लेकिन जब विनोद कुमार और उनके परिजन थाने से वापस घर लौटे, तभी आरोपी युवक लाठी-डंडों और हथियारों के साथ उनके दरवाजे पर पहुंच गए और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपियों ने गोली चला दी, जो विनोद कुमार के बाएं पैर की जांघ में लगी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
पुलिस जांच में जुटी, बयान से परहेज
घटना की सूचना मिलते ही कोइलवर थानाध्यक्ष दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी। घायल विनोद कुमार ने गांव के ही अनिल कुमार, रामजी राय, मनीष कुमार समेत अन्य लोगों पर मारपीट और गोली मारने का आरोप लगाया है। हालांकि, इस पूरे मामले पर पुलिस ने फिलहाल कोई आधिकारिक बयान देने से इनकार किया है और जांच जारी बताई जा रही है।