BNT Desk: बिहार सरकार के मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। इस नई जिम्मेदारी के बाद वह सोमवार को पहली बार दिल्ली के लिए रवाना होंगे। दिल्ली जाने से पहले नितिन नवीन पटना स्थित महावीर मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे और आशीर्वाद लेंगे।
दिल्ली एयरपोर्ट पर होगा भव्य स्वागत
मिली जानकारी के अनुसार, नितिन नवीन सोमवार सुबह करीब 10 बजे नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 पर पहुंचेंगे। वहां दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। यह दौरा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद उनका पहला आधिकारिक दिल्ली दौरा माना जा रहा है।
भाजपा मुख्यालय में कार्यक्रम
एयरपोर्ट से सीधे नितिन नवीन पूर्वाह्न 11 बजे भाजपा के केंद्रीय कार्यालय, 6A दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पहुंचेंगे। यहां पार्टी की ओर से उनका भव्य अभिनंदन किया जाएगा। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना है और कार्यक्रम को लेकर संगठन में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
राष्ट्रीय महासचिव ने जारी किया नियुक्ति पत्र
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने रविवार को नितिन नवीन की नियुक्ति का औपचारिक पत्र जारी किया। पत्र में बताया गया कि भाजपा संसदीय बोर्ड ने उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है और यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू होगा। नियुक्ति की घोषणा के बाद पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में नितिन नवीन का जोरदार स्वागत किया गया।
प्रदेश कार्यालय में जश्न का माहौल
वीरचंद पटेल पथ स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और गुलदस्तों के साथ नितिन नवीन का अभिनंदन किया। इस दौरान कार्यालय परिसर ‘नितिन नवीन जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा।
राजनीतिक सफर और वर्तमान जिम्मेदारी
नितिन नवीन बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं। उन्होंने वर्ष 2006 में पहली बार विधानसभा चुनाव जीता था। साल 2021 में वह पहली बार नीतीश कुमार सरकार में मंत्री बने। वर्तमान में वे पथ निर्माण और नगर विकास विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।