BNT, Desk: बिहार में ठंड अपने चरम पर पहुँच रही है। पिछले 24 घंटे में भागलपुर राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहाँ न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 7 दिनों तक राज्य का मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान दिन और रात के तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। लोगों से सुबह और रात में सावधानी बरतने की अपील की गई है।
दक्षिण और उत्तर बिहार का तापमान
दक्षिण बिहार में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि उत्तर बिहार के कई जिलों में तापमान बढ़ा। सोमवार को राज्य के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी गई। हालांकि, दक्षिण बिहार में दिन का तापमान नीचे आया। किशनगंज जिले में राज्य का सबसे अधिक तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
कोहरे की मार जारी, विजिबिलिटी कम
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण बिहार के कई हिस्सों में मंगलवार को मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहेगा। उत्तर बिहार के 1-2 जगहों पर भी कोहरा दिख सकता है। सोमवार को पूर्णिया में सबसे कम विजिबिलिटी 400 मीटर रही। कोहरे के कारण सुबह के समय लोगों को ठंड और धुंध दोनों का सामना करना पड़ रहा है।
पटना में भी ठंड और कोहरा बढ़ा
राजधानी पटना में मंगलवार को भी मध्यम कोहरा छाया रहेगा। दोपहर में थोड़ी देर धूप निकलने की उम्मीद है। सोमवार को सुबह से ही पटना में कोहरा दिखा, जिससे न्यूनतम तापमान में 2.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, जबकि अधिकतम तापमान में 1.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। सोमवार का अधिकतम तापमान 23.1 डिग्री और न्यूनतम 14.1 डिग्री रहा।