नीतीश के बाद अब निशांत? राजधानी में लगे पोस्टर से तेज हुई चर्चा

पटना में जेडीयू कार्यालय और कई चौक-चौराहों पर नीतीश कुमार और उनके बेटे निशांत कुमार के पोस्टर लगाए गए, जिनमें लिखा है— “नीतीश सेवक… मांगे निशांत” और “अब पार्टी की कमान संभालेंगे निशांत भाई”। पोस्टरों ने बिहार की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है और नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा तेज हो गई है।

BNT
By
2 Min Read

BNT Desk: राजधानी पटना में जेडीयू कार्यालय सहित कई प्रमुख चौक-चौराहों पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके बेटे निशांत कुमार के बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में लिखा है — “नीतीश सेवक… मांगे निशांत” और “अब पार्टी की कमान संभालेंगे निशांत भाई”। इसके साथ ही पोस्टर में नीतीश कुमार को 10वीं बार मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी गई है और यह दावा भी किया गया है कि जल्द ही जेडीयू की बागडोर निशांत कुमार को सौंपी जा सकती है।

पोस्टरों से बढ़ी राजनीतिक हलचल

इन पोस्टरों के सामने आने से बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं कि क्या जेडीयू में नेतृत्व परिवर्तन की तैयारी चल रही है? क्या नीतीश कुमार अब धीरे-धीरे पार्टी की जिम्मेदारी अपने बेटे निशांत को सौंपने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं?

निशांत कुमार का राजनीतिक सफर

निशांत कुमार अभी तक सक्रिय राजनीति में बहुत कम दिखाई दिए हैं। वे आम तौर पर सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी कम दिखते हैं, इसलिए अचानक इस तरह के पोस्टर लगने से लोगों की उत्सुकता काफी बढ़ गई है। जेडीयू के कई नेताओं ने इसे पार्टी कार्यकर्ताओं की भावना बताया है, जबकि विपक्ष इसे परिवारवाद की राजनीति बताकर निशाना साध रहा है।

जेडीयू नेताओं की प्रतिक्रिया

जेडीयू के कुछ नेताओं ने कहा है कि यह पोस्टर किसने लगाया है, इसकी जांच की जाएगी। उनका कहना है कि पार्टी में नेतृत्व को लेकर अभी कोई आधिकारिक निर्णय नहीं लिया गया है। वहीं, जनता दल यूनाइटेड के विपक्षी नेताओं ने इस पोस्टर को सत्ता और संगठन दोनों में परिवारवाद की शुरुआत बताया है।

Share This Article