BNT Desk: बिहार विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के दौरान आज राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पारित कर दिया गया। इस अवसर पर संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का विस्तृत विवरण दिया था। उन्होंने बताया कि अभिभाषण पर विधानसभा और विधान परिषद दोनों सदनों में विस्तृत चर्चा हुई और कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए धन्यवाद प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बुलडोजर एक्शन पर सफाई – “कोर्ट का आदेश है”
मीडिया द्वारा हाल ही में बिहार में दलितों और गरीबों के घरों पर चल रही बुलडोजर कार्रवाई के सवाल पर विजय चौधरी ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई सरकार की पहल पर नहीं, बल्कि न्यायालय के आदेश पर की जा रही है। मंत्री ने कहा— “वह तो न्यायालय के आदेश से हो रहा है। जिनको भी शिकायत है, वे कोर्ट में जाएं। न्यायालय न्याय करता है।” उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि प्रशासनिक कार्रवाई कानून और कोर्ट के निर्देशों के अनुसार हो रही है, इसलिए इसे राजनीतिक रंग देना सही नहीं है।
विपक्ष को बोलने का मौका मिलने पर प्रतिक्रिया
विधान परिषद में विपक्ष द्वारा यह आरोप लगाया गया कि उन्हें संशोधन प्रस्ताव पर बोलने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया। इस पर विजय चौधरी ने कहा कि विधानसभा में सभी सदस्यों, पक्ष और विपक्ष, दोनों को अपनी बात रखने का पूरा मौका मिला।हालाँकि वे विधान परिषद में मौजूद नहीं थे, इसलिए वहां की स्थिति पर टिप्पणी करना उचित नहीं बताया, लेकिन यह कहा कि चर्चा लोकतांत्रिक तरीके से हुई और सभी दलों ने भागीदारी की।