ठंड के साथ बढ़ा प्रदूषण का कहर: हाजीपुर-अररिया ‘बेहद खराब’, जानिए आपके शहर का AQI

ठंड बढ़ने के साथ ही बिहार में प्रदूषण बढ़ा है। हाजीपुर (AQI 225) और अररिया (AQI 206) की हवा 'बेहद खराब' श्रेणी में पहुंच गई है। राजधानी पटना (AQI 139) में भी प्रदूषण का स्तर बढ़ा है। विशेषज्ञों ने आने वाले दिनों में स्थिति और बिगड़ने की चेतावनी दी है।

BNT
By
3 Min Read

BNT, Desk: बिहार के कई शहरों में हवा की गुणवत्ता लगातार बिगड़ती जा रही है, जो चिंता का विषय है। खासकर ठंड बढ़ने के साथ ही प्रदूषण का स्तर तेजी से ऊपर चढ़ा है। सोमवार को राज्य में हाजीपुर की हवा सबसे ज्यादा खराब रही। यहां का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 225 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। हाजीपुर के अलावा अररिया में भी हवा की स्थिति गंभीर है। यहां AQI 206 रहा, जो ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया। इन दोनों शहरों में रह रहे लोगों को अब सावधानी बरतने की जरूरत है।

पटना में भी प्रदूषण बढ़ा, सांस लेना हो रहा मुश्किल

राजधानी पटना में भी प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है। रविवार के मुकाबले सोमवार को पटना में AQI 139 रहा, जो ‘मध्यम’ श्रेणी का प्रदूषण माना जाता है। शहर के समनपुरा और गांधी मैदान जैसे इलाकों में प्रदूषण का स्तर अधिक रहा। हवा खराब होने का सबसे बड़ा कारण पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे बारीक कणों का मानक से अधिक होना है। जानकारों का कहना है कि जैसे-जैसे सर्दी बढ़ेगी और हवा की रफ्तार धीमी होगी, प्रदूषण की मात्रा और भी बढ़ सकती है।

बेगूसराय में मिली थोड़ी राहत, पर स्वच्छ हवा कहीं नहीं

हालांकि, कुछ शहरों में थोड़ी बेहतर स्थिति रही। राज्य में बेगूसराय सबसे कम प्रदूषित शहर रहा, जहां AQI 83 दर्ज किया गया। इसके अलावा, पूर्णिया (100) और राजगीर (90) में हवा ‘संतोषजनक’ स्थिति में रही। लेकिन आपको बता दें, राज्य के किसी भी शहर में हवा को ‘स्वच्छ’ श्रेणी में नहीं पाया गया। इसका मतलब है कि पूरे बिहार में अभी हवा पूरी तरह से सांस लेने लायक नहीं है।

बाकी शहरों का क्या हाल? ऐसे रखें अपना ध्यान

हाजीपुर, अररिया और पटना के अलावा बिहारशरीफ (124), गया (127), मुजफ्फरपुर (124) और मुंगेर (157) सहित कुल 13 शहरों में प्रदूषण ‘मध्यम’ स्तर का रहा। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में यह स्थिति और बिगड़ सकती है। ऐसे में लोगों को सुबह के समय टहलने से बचना चाहिए और घर से बाहर निकलते समय मास्क का इस्तेमाल जरूर करना चाहिए।

Share This Article