आज का दिन बिहार की राजनीति के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि नई विधानसभा के 18वें सत्र की कार्यवाही आज शुरू हो गयी हैं । सत्र के पहले दिन नवनिर्वाचित विधानसभा सदस्यों को शपथ दिलाई जा रही है।
इसी दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण किया। प्रोटेम स्पीकर ने उन्हें शपथ दिलाई। शपथ के बाद तेजस्वी यादव ने हाथ जोड़कर सदन में मौजूद सभी नेताओं का अभिवादन किया। शपथ ग्रहण के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी सदन में मौजूद रहे।
बता दें कि इससे पहले सभी मंत्रियों ने शपथ ले ली थी। उसके बाद अब विधानसभा के नियमों के अनुसार विधानसभा क्षेत्रों की क्रम सूची के आधार पर विधायकों को शपथ दिलाई जा रही है।
सबसे पहले उपमुख्यमंत्री और तारापुर से नव निर्वाचित विधायक सम्राट चौधरी ने शपथ ली। उनके बाद लखीसराय से विधायक विजय सिन्हा ने शपथ ग्रहण किया। इसके तुरंत बाद विजय चौधरी, विजेंद्र यादव, श्रवण कुमार, मंगल पांडे, लेसी सिंह, नितिन नवीन, रामकृपाल यादव, सुनील कुमार, मोहम्मद जमां खान, संजय सिंह, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद, रमा निषाद, श्रेयसी सिंह, संजय कुमार, संजय कुमार सिंह और प्रेम कुमार ने शपथ ली।
शपथ ग्रहण की प्रक्रिया अभी जारी है। पहले कैबिनेट मंत्रियों को शपथ दिलाई जा रही है, फिर अन्य नव निर्वाचित विधायकों की बारी आएगी। सदन सचिव लगातार क्रम से विधायकों के नाम पुकार रही हैं।