ODI World Cup 2027: IND vs PAK मैच के लिए टिकटों की मची होड़, 34 हजार सीटों के लिए आए करीब 84 लाख आवेदन

BNT
By
4 Min Read
ODI World Cup 2027: Frenzy for IND vs PAK match tickets; nearly 8.4 million applications received for 34,000 seats

BNT desk : क्रिकेट के सबसे बड़े मुकाबलों में शामिल IND vs PAK के बीच होने वाले मैच को लेकर फैंस की दीवानगी एक बार फिर देखने को मिल रही है। 2027 वनडे वर्ल्ड कप में दोनों टीमें 10 अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग स्थित वांडर्स स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले के टिकटों के लिए अब तक 83,97,294 आवेदन मिल चुके हैं, जबकि स्टेडियम की क्षमता लगभग 34 हजार दर्शकों की है। यानी उपलब्ध सीटों के मुकाबले टिकटों की मांग करीब 247 गुना है।अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के मुताबिक, टिकटों की मांग के मामले में भारत-पाकिस्तान का यह मुकाबला टूर्नामेंट का सबसे लोकप्रिय मैच बन गया है। दिलचस्प बात यह है कि 21 नवंबर को होने वाले वर्ल्ड कप फाइनल के लिए भी अब तक 79,00,944 आवेदन मिले हैं। इस तरह भारत-पाकिस्तान मैच के लिए फाइनल से भी अधिक आवेदन आए हैं।

पूरे वर्ल्ड कप के लिए 12 करोड़ से ज्यादा आवेदन

2027 वनडे वर्ल्ड कप 24 साल बाद अफ्रीकी धरती पर आयोजित होने जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से इस टूर्नामेंट की मेजबानी करेंगे। इसमें 14 टीमें हिस्सा लेंगी और 12 स्टेडियमों में कुल 57 मुकाबले खेले जाएंगे।टिकटों के लिए 193 देशों के 28 लाख से अधिक क्रिकेट प्रशंसकों ने दिलचस्पी दिखाई है। अब तक पूरे टूर्नामेंट के लिए 12 करोड़ से ज्यादा टिकट आवेदन और 3.2 करोड़ से अधिक मैच रजिस्ट्रेशन दर्ज किए गए हैं। इन आंकड़ों से साफ है कि 2027 वर्ल्ड कप को लेकर दुनियाभर के क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह है।

दक्षिण अफ्रीका में होने वाले मैचों की सबसे ज्यादा मांग

दक्षिण अफ्रीका के आठ स्टेडियमों में कुल 41 मुकाबले खेले जाएंगे। इन मैचों के लिए 10.5 करोड़ से अधिक टिकट आवेदन मिले हैं। इनमें दक्षिण अफ्रीका के 11 मुकाबलों के लिए करीब 2.6 करोड़ आवेदन शामिल हैं।जिम्बाब्वे में होने वाले मैचों के लिए भी प्रशंसकों में काफी उत्साह है। यहां के मुकाबलों के लिए 1.3 करोड़ से अधिक आवेदन मिले हैं। खास बात यह है कि 24 अक्टूबर को विक्टोरिया फॉल्स के पास भारत और जिम्बाब्वे के बीच होने वाले मैच के लिए ही 33 लाख से ज्यादा आवेदन आए हैं।वहीं, नामीबिया की राजधानी विंडहोक में होने वाले छह मुकाबलों के लिए 20 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं।

21 नवंबर 2026 तक कर सकते हैं टिकट के लिए आवेदन

वर्ल्ड कप के टिकटों के आवंटन के लिए आयोजकों ने लॉटरी व्यवस्था अपनाई है। क्रिकेट प्रशंसक 21 नवंबर 2026 को रात 11:59 बजे (दक्षिण अफ्रीकी समय) तक टिकट के लिए आवेदन कर सकते हैं।आवेदन करने का मतलब टिकट मिलने की गारंटी नहीं है। आवेदन के समय प्रशंसकों को कोई भुगतान भी नहीं करना होगा। जिन मुकाबलों के लिए उपलब्ध सीटों से अधिक आवेदन प्राप्त होंगे, उनके टिकट लॉटरी के माध्यम से आवंटित किए जाएंगे।एक प्रशंसक किसी एक मुकाबले के लिए केवल एक आवेदन कर सकता है। हालांकि, अलग-अलग मैचों के टिकट पाने के लिए अलग-अलग आवेदन किए जा सकते हैं।

भारत-पाकिस्तान मुकाबले के लिए आए रिकॉर्ड आवेदन बताते हैं कि दोनों टीमों के बीच मैच को लेकर दुनिया भर में कितना उत्साह है। अब देखना होगा कि टिकटों की इस जबरदस्त मांग के बीच लॉटरी में किन प्रशंसकों को स्टेडियम में बैठकर यह हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने का मौका मिलता है।

Share This Article