BNT Desk: UGC-NET 2026 परीक्षा खत्म हुए एक महीने से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन अब तक राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने न तो प्रोविजनल आंसर-की जारी की है और न ही रिजल्ट घोषित किया है। इससे देशभर के हजारों अभ्यर्थियों में चिंता बढ़ गई है। छात्र लगातार परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं। UGC-NET परीक्षा 22 जून से 30 जून 2026 के बीच कंप्यूटर आधारित (CBT) मोड में 87 विषयों के लिए आयोजित की गई थी। यह परीक्षा जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF), असिस्टेंट प्रोफेसर बनने और पीएचडी में दाखिले के लिए आयोजित की जाती है।
रिजल्ट में देरी से प्रभावित हो रही प्रवेश प्रक्रिया
छात्रों का कहना है कि रिजल्ट में हो रही देरी का असर पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया पर पड़ रहा है। कई विश्वविद्यालयों में दाखिले की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन UGC-NET का परिणाम नहीं आने से अभ्यर्थी असमंजस में हैं। समाचार एजेंसी ANI के अनुसार, इस मामले में NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।
JNUSU ने उठाई पारदर्शिता की मांग
2 अगस्त को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्रसंघ (JNUSU) ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) और NTA को पत्र लिखकर रिजल्ट और प्रोविजनल आंसर-की जारी करने में हो रही देरी पर चिंता जताई। छात्रसंघ ने कहा कि इस देरी से पीएचडी एडमिशन, शिक्षकों की नियुक्ति, रिसर्च फेलोशिप और अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाएं प्रभावित हो रही हैं। JNUSU ने प्रोविजनल आंसर-की जल्द जारी करने, रिजल्ट की निश्चित समयसीमा घोषित करने और मूल्यांकन प्रक्रिया समय पर पूरी करने की मांग की है।
छात्र बोले- भविष्य को लेकर बढ़ रही चिंता
जेएनयू से पॉलिटिकल स्टडीज में मास्टर्स कर चुकीं और 24 जून को राजनीतिक विज्ञान की परीक्षा देने वाली एक छात्रा ने ANI से कहा कि भारत में अकादमिक करियर पहले से ही कई चुनौतियों से भरा हुआ है। ऐसे में रिजल्ट में देरी से छात्रों की चिंता और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि अब तक NTA की ओर से देरी का कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है। इससे छात्रों के बीच कई तरह की आशंकाएं पैदा हो रही हैं। कुछ छात्रों ने सोशल मीडिया पर सामने आई समाजशास्त्र (Sociology) प्रश्नपत्र लीक की खबरों का भी जिक्र किया और पूछा कि क्या देरी का इससे कोई संबंध है। हालांकि, इस संबंध में NTA ने कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सोशल मीडिया पर भी छात्रों का गुस्सा
रिजल्ट में देरी को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी कई छात्र नाराजगी जता रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा हुए कई सप्ताह बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक प्रोविजनल आंसर-की भी जारी नहीं हुई है। कई छात्रों ने NTA से जल्द आंसर-की और रिजल्ट जारी करने की मांग की है। कुछ अभ्यर्थियों ने यह भी कहा कि यदि जल्द कोई जानकारी नहीं दी गई तो वे विरोध प्रदर्शन करने पर मजबूर हो सकते हैं।
2018 से NTA करा रहा है UGC-NET परीक्षा
दिसंबर 2018 से UGC ने UGC-NET परीक्षा आयोजित करने की जिम्मेदारी राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को सौंपी है। यह परीक्षा कंप्यूटर आधारित मोड में आयोजित की जाती है। इस परीक्षा के जरिए उम्मीदवारों की जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF), असिस्टेंट प्रोफेसर बनने और पीएचडी में प्रवेश के लिए पात्रता तय की जाती है। ऐसे में लाखों अभ्यर्थी अब NTA की ओर से प्रोविजनल आंसर-की और रिजल्ट जारी किए जाने का इंतजार कर रहे हैं।