BNT Desk: पटना। बिहार में पर्यटन को नई ऊंचाई देने की दिशा में नीतीश सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने ऐलान किया है कि भागलपुर के प्रसिद्ध अजगैबीनाथ धाम में ग्लास ब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। राजगीर में ग्लास ब्रिज की सफलता के बाद सरकार का यह दूसरा बड़ा पर्यटन प्रयोग होगा, जो धार्मिक आस्था और आधुनिक विकास का अनूठा संगम पेश करेगा।
श्रावणी मेला से पहले पूरा होगा निर्माण
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने बताया कि सरकार की योजना है कि इस ग्लास ब्रिज का निर्माण आगामी श्रावणी मेला शुरू होने से पहले पूरा कर लिया जाए। श्रावणी मेले के दौरान लाखों की संख्या में कांवरिये और श्रद्धालु अजगैबीनाथ धाम पहुंचते हैं। ऐसे में समय पर निर्माण पूरा होने से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस अनूठे ग्लास ब्रिज का रोमांचक अनुभव ले सकेंगे।
आस्था के केंद्र को मिलेगा आधुनिक स्पर्श
गंगा तट पर स्थित अजगैबीनाथ धाम पहले से ही बिहार और झारखंड के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। ग्लास ब्रिज के निर्माण से इस धार्मिक स्थल को एक आधुनिक पर्यटन आकर्षण के रूप में भी स्थापित किया जा सकेगा। सरकार का मानना है कि धार्मिक पर्यटन और आधुनिक बुनियादी ढांचे का यह संगम बिहार की नई और सकारात्मक पहचान को और मजबूत करेगा।
रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे
डिप्टी सीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि इस परियोजना के पूरा होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से क्षेत्र में होटल, दुकान और परिवहन सहित तमाम छोटे-बड़े व्यवसायों को फायदा मिलेगा। इसे “विकसित बिहार” के लक्ष्य की दिशा में एक अहम कदम के रूप में देखा जा रहा है।
राजगीर के ग्लास ब्रिज को पर्यटकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है। अब उम्मीद की जा रही है कि अजगैबीनाथ धाम का ग्लास ब्रिज भी बिहार के पर्यटन मानचित्र पर एक नया और चर्चित पड़ाव बनेगा।