EID 2026: आज अलविदा जुमा और चांद रात, पटना में कल गांधी मैदान समेत सभी ईदगाहों में होगी नमाज

BNT
By
4 Min Read

BNT Desk: पटना। रमजान का पवित्र महीना अपने आखिरी पड़ाव पर है। गुरुवार को रमजान का 29वां रोजा मुकम्मल हुआ और शुक्रवार को 30वां और आखिरी रोजा रखा जाएगा। इसी के साथ आज राजधानी पटना की सभी जामा मस्जिदों में रमजान के अलविदा जुमा की नमाज अदा की जाएगी। हजारों रोजेदार अल्लाह के आगे सजदा करेंगे और अमन, शांति व भाईचारे के लिए दुआ मांगेंगे। शुक्रवार की शाम चांद का दीदार होते ही पूरे शहर में ईद का जश्न शुरू हो जाएगा और बाजारों में चांद रात की भीड़ उमड़ पड़ेगी।

कल गांधी मैदान समेत सभी ईदगाहों में होगी ईद की नमाज

मौसम विभाग और चांद देखने की परंपरा के अनुसार शुक्रवार को चांद नजर आने के बाद शनिवार को ईद-उल-फित्र मनाई जाएगी। पटना के गांधी मैदान समेत शहर और आसपास के तमाम ईदगाहों में ईद की नमाज अदा की जाएगी। बड़ी संख्या में नमाजी जुटेंगे और रमजान भर की इबादत का शुक्र अदा करते हुए दो रिकअत नमाज पढ़ेंगे। पुलिस और प्रशासन ने ईद की नमाज को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं।

बाजारों में देर रात तक उमड़ी खरीदारों की भीड़

ईद की तैयारियां पूरे जोरों पर हैं। गुरुवार की रात खरीदारी को अंतिम रूप देने के लिए पटना के तमाम बाजारों में महिलाओं और पुरुषों की भारी भीड़ उमड़ आई। सब्जीबाग, पटना मार्केट, राजाबाजार, फुलवारीशरीफ, दानापुर, आलमगंज, सुलतानगंज, खाजेकलां और सदर गली समेत कई इलाकों में देर रात तक दुकानें गुलजार रहीं। सेवई, लच्छा, इत्र, टोपी, नान, बाकरखानी, कुर्ता-पायजामा, शृंगार का सामान और घर की सजावट की चीजों वाली दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें लगी रहीं। भीड़ को देखते हुए सदर गली में वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाना पड़ा।

अलविदा जुमा का खास महत्व

रमजान के आखिरी जुमे को अलविदा जुमा कहा जाता है। इस दिन की नमाज का इस्लाम में बेहद खास महत्व है। मान्यता है कि इस दिन की दुआएं कबूल होती हैं और अल्लाह अपने बंदों पर रहमत की बारिश करता है। पटना की जामा मस्जिदों में आज हजारों रोजेदार जमा होंगे और पूरे महीने की इबादत की स्वीकृति के लिए दिल से दुआ मांगेंगे।

फितरा और जकात पहले अदा करें — मौलाना इस्लाही

जमात इस्लामी हिंद बिहार के अध्यक्ष मौलाना रिजवान अहमद इस्लाही ने मुसलमानों से अपील की है कि ईद की नमाज से पहले फितरा और जकात की रकम जरूरतमंद लोगों में जरूर बांटें। उन्होंने कहा कि इससे गरीब और जरूरतमंद भी ईद की खुशियों में बराबर के शरीक हो सकेंगे और उनकी ईद भी खुशहाल बनेगी। उन्होंने बताया कि रमजान भर फर्ज रोजे रखने और इबादत करने के बाद ईद के दिन ईदगाह में दो रिकअत नमाज अदा करके अल्लाह का शुक्र अदा किया जाता है। अल्लाह अपने बंदों को रमजान की इबादतों का बेशकीमती तोहफा खुद अता करता है।

रमजान की विदाई और ईद का आगमन हर साल की तरह इस बार भी पटनावासियों के दिलों में उमंग और उत्साह भर रहा है। शहर में भाईचारे और मोहब्बत का माहौल है और हर तरफ ईद मुबारक की गूंज सुनाई दे रही है।

TAGGED:
Share This Article