BNT Desk: राजधानी पटना के Gandhi Maidan में ईद की नमाज और बिहार दिवस समारोह को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। रविवार को पटना के डीएम Thyagarajan SM ने वरीय अधिकारियों के साथ मैदान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और नमाज-ए-इदैन कमेटी के प्रतिनिधियों से आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की।
सात गेटों से नमाजियों के प्रवेश की व्यवस्था
प्रशासन के मुताबिक इस बार ईद की नमाज में करीब 20 से 25 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। इसे देखते हुए गांधी मैदान के सात गेट—4, 5, 6, 7, 8, 9 और 10 से नमाजियों के प्रवेश की व्यवस्था की गई है। वहीं वाहन से आने वाले लोगों को गेट नंबर 5, 7 और 10 से ही मैदान में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
सुरक्षा और व्यवस्था पर विशेष जोर
डीएम ने अधिकारियों को सुरक्षा, साफ-सफाई, पार्किंग, जलापूर्ति, रोशनी और चिकित्सा सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। साथ ही भीड़ प्रबंधन, सुचारू यातायात और विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है।
17 मार्च से आम लोगों के लिए बंद रहेगा मैदान
बता दें कि इस साल Bihar Diwas (22 से 24 मार्च) और ईद का समय लगभग एक ही है। इसे देखते हुए दोनों आयोजनों की तैयारियां एक साथ चल रही हैं। 17 मार्च से ईद की पूर्व संध्या तक गांधी मैदान आम लोगों के लिए बंद रहेगा।
सुरक्षा के लिए सीसीटीवी और अस्थायी थाना
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मैदान में अस्थायी थाना बनाया जाएगा और पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट व पुलिस बल तैनात रहेंगे। इसके अलावा 28 सीसीटीवी कैमरों से मैदान के चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाएगी। रोशनी के लिए 34 प्रकाश मीनारों के साथ 136 एलईडी मेटल लाइट, 229 पोल लाइट और 15 हाईमास्ट लाइट लगाई गई हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 0612-2219810, 0612-2219234 या डायल-112 पर संपर्क कर मदद ली जा सकती है।