BNT Desk : नवरात्रि से पहले भोजपुरी सिंगर अक्षरा सिंह अपने नए देवी गीत ‘जय माता दी’ के साथ हाजिर हैं। गाने के रिलीज होते ही भक्तों के बीच इसकी चर्चा शुरू हो गई है। वीडियो में अक्षरा सिंह गुलाबी सूट पहनकर माता रानी की आरती करती, भक्ति में झूमती और ढोल बजाती नजर आ रही हैं। बिहार और झारखंड में दुर्गा पूजा की तैयारियों के बीच यह नया देवी गीत त्योहार के माहौल को और भक्तिमय बना रहा है।
नवरात्रि से पहले अक्षरा सिंह का नया देवी गीत रिलीज
बिहार और झारखंड में दुर्गा पूजा का इंतजार पूरे साल किया जाता है। पूजा पंडालों की सजावट से लेकर माता रानी के जयकारों तक, हर तरफ उत्सव का माहौल देखने को मिलता है। इस दौरान भोजपुरी देवी गीत भी लोगों की पसंद बने रहते हैं।इसी बीच अक्षरा सिंह ने अपना नया देवी गीत ‘जय माता दी’ रिलीज किया है। गाने के वीडियो में वह लाइट पिंक सूट में नजर आ रही हैं। कभी माता रानी की आरती करती हैं, तो कभी भक्ति में झूमकर डांस करती दिखाई देती हैं। वीडियो में ढोल बजाते हुए उनका अंदाज भी देखने को मिलता है।
‘पूरब से बोलो जय माता दी…’ भक्ति में झूमने पर मजबूर करेंगे बोल
अक्षरा सिंह के इस गाने में माता रानी के जयकारों और जागरण का माहौल दिखाया गया है। गाने के बोल हैं, “मां का सजा दरबार है, भक्तों की लंबी कतार है।” इसके बाद भक्तों को झूमकर भजन गाने और जगराता शुरू करने के लिए प्रेरित किया गया है।गाने में पूरब, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण से ‘जय माता दी’ बोलने की अपील की गई है। यही पंक्तियां गीत को सामूहिक भक्ति और उत्सव का रंग देती हैं। नवरात्रि के दौरान देवी गीत सुनने वाले लोगों के लिए यह गाना खास हो सकता है।
अक्षरा सिंह की आवाज पर फिदा हुए फैंस
‘जय माता दी’ रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर अक्षरा सिंह के प्रशंसक अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने गाने की तारीफ करते हुए लिखा, “जय माता दी अक्षराजी, भगवान आपको आशीर्वाद दें।” वहीं, दूसरे यूजर ने इसे सुपरहिट बताते हुए अक्षरा की तारीफ की। एक अन्य प्रशंसक ने भी गाने को बेहतरीन बताया।फैंस की इन प्रतिक्रियाओं से साफ है कि अक्षरा सिंह के नए देवी गीत को लेकर उनके प्रशंसकों में उत्साह है।
किसने तैयार किया अक्षरा सिंह का ‘जय माता दी’ गाना?
अक्षरा सिंह ने इस देवी गीत को अपनी आवाज दी है। गाने के बोल छोटू यादव ने लिखे हैं, जबकि इसका संगीत आशु चौधरी ने तैयार किया है। वीडियो को वेव म्यूजिक के बैनर तले रिलीज किया गया है और इसका निर्देशन पवन पाठक ने किया है।गाने की कोरियोग्राफी हनी पांडे ने की है। वहीं, राहुल यादव और सुनील गुप्ता ने सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी संभाली है। वीडियो की एडिटिंग किशोर राज ने की है। प्रोजेक्ट का कॉन्सेप्ट परमेश्वर महतो का है, जबकि अमित सिंह एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर और जुगेश कुमार प्रोजेक्ट मैनेजर हैं।
नवरात्रि और दुर्गा पूजा से पहले रिलीज हुआ अक्षरा सिंह का यह देवी गीत भोजपुरी संगीत प्रेमियों के लिए एक नया विकल्प लेकर आया है। अब देखना होगा कि त्योहार के दौरान यह गाना श्रोताओं के बीच कितनी लोकप्रियता हासिल करता है।