पटना: जमीन कारोबारी के कार्यालय पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग, ग्रामीणों ने पीछा कर तीन संदिग्धों को घेरा; पुलिस ने शुरू की जांच

BNT
By
4 Min Read

BNT Desk: पटना जिले के गौरीचक और परसा बाजार थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम फायरिंग और उसके बाद हुई हिंसक घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। गौरीचक थाना क्षेत्र के लक्ष्मीचक निवासी जमीन कारोबारी सुरेश सिंह उर्फ मास्टर साहब के बरुणा गांव स्थित कार्यालय पर तीन हथियारबंद बदमाश पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में सुरेश सिंह और कार्यालय में मौजूद अन्य लोग बाल-बाल बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फायरिंग के बाद तीनों बदमाश बाइक से मौके से भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण सक्रिय हो गए और उनका पीछा शुरू कर दिया।

ग्रामीणों ने घेरकर पकड़ा, हिंसा में एक की मौत

भाग रहे संदिग्धों को परसा बाजार थाना क्षेत्र के रामानंद यादव नगर स्थित पाइप फैक्ट्री के पास छतना मोड़-धमौल मार्ग पर ग्रामीणों ने घेर लिया। इसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और भीड़ ने तीनों पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान ईंट-पत्थरों से भी हमला किया गया। भीड़ से बचने की कोशिश में बदमाशों ने एक बार फिर फायरिंग की। हिंसा में मसौढ़ी के गांधी नगर निवासी 29 वर्षीय सूरज प्रियदर्शी की मौत हो गई, जबकि विवेक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के दौरान तीसरा आरोपी लल्लू कुमार अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

 

जमीन विवाद और पुरानी रंजिश का आरोप

जमीन कारोबारी सुरेश सिंह ने इस मामले में गौरीचक थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि जमीन विवाद और पुरानी रंजिश के कारण उन पर हमला कराया गया। शिकायत में धनरुआ निवासी एक व्यक्ति का नाम भी लिया गया है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है।

 

मौके से कारतूस और चोरी की बाइक बरामद

पटना सदर-2 के एसडीपीओ रंजन कुमार ने बताया कि घटनास्थल से दो जिंदा कारतूस, चार खाली खोखे और एक सफेद रंग की अपाचे बाइक बरामद की गई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह बाइक फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि पूरी घटना की सच्चाई सामने आ सके।

 

फरार आरोपी और भीड़ में शामिल लोगों की तलाश

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इसके साथ ही भीड़ हिंसा में शामिल लोगों की भी पहचान की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि फायरिंग और उसके बाद हुई हिंसा, दोनों पहलुओं की अलग-अलग जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article