बिहार: भोजपुर में रिटायर्ड अधिकारी हत्याकांड के मुख्य शूटर का हाफ एनकाउंटर, पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली

BNT
By
5 Min Read

BNT Desk: बिहार के भोजपुर जिले से शुक्रवार सुबह बड़ी खबर सामने आई है। रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर राम कुमार सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी शूटर पवन यादव का पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गया। हथियार बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच गोलीबारी हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पवन यादव के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना बहोरनपुर थाना क्षेत्र के सारंगपुर मोड़ के पास की बताई जा रही है। मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

_

हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, राम कुमार सिंह हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी पवन यादव से पूछताछ की जा रही थी। पूछताछ के दौरान उसने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार को छिपाने की जगह की जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस टीम उसे लेकर हथियार बरामद करने के लिए संबंधित स्थान पर पहुंची। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम जब हथियार की तलाश कर रही थी, तभी आरोपी ने अचानक पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन वह गोलीबारी करता रहा। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हथियार बरामदगी और मामले की आगे की जांच जारी है।

 

22 वर्षीय पवन यादव है मुख्य शूटर

मुठभेड़ में घायल आरोपी की पहचान पवन यादव के रूप में हुई है। वह नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा हाउसिंग कॉलोनी का रहने वाला बताया जा रहा है। उसकी उम्र करीब 22 वर्ष है। पुलिस उसे राम कुमार सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर बता रही है। पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में कुल तीन शूटर शामिल थे। पवन यादव के पकड़े जाने के बाद अब पुलिस उसके अन्य साथियों और इस वारदात की साजिश में शामिल लोगों की तलाश कर रही है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस को मामले से जुड़े अन्य सुराग मिलने की उम्मीद है।

 

15 अक्टूबर को हुई थी राम कुमार सिंह की हत्या

गौरतलब है कि 15 अक्टूबर 2026 को आरा के नवादा थाना क्षेत्र स्थित कनकपुरी मोहल्ले में रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर राम कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात जैन कॉलेज के पूर्वी गेट के पास हुई थी। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया था। टीम को हत्याकांड में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की जिम्मेदारी दी गई थी। पुलिस ने जांच के दौरान कई आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनसे पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की।

 

जमीन विवाद को हत्या की वजह मानकर जांच

पुलिस की शुरुआती जांच में इस हत्याकांड के पीछे जमीन विवाद की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि भोजपुर के सिंगही इलाके में स्थित जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस इस जमीन से जुड़े दस्तावेजों, पावर ऑफ अटॉर्नी, रजिस्ट्री और म्यूटेशन के पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। पवन यादव से पूछताछ और हथियार की बरामदगी के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना है। फिलहाल, पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल शूटर का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, राम कुमार सिंह हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी पुलिस के लिए अहम है।

Share This Article