BNT Desk: नीट पेपर लीक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बुलाए गए बिहार बंद के दौरान शुक्रवार को पटना में जमकर हंगामा हुआ। छात्र संगठन आइसा (AISA) और राष्ट्रीय युवा आंदोलन के समर्थकों ने राजधानी में प्रदर्शन किया। कई जगह प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव देखने को मिला। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने डाकबंगला चौराहे पर लाठीचार्ज किया और कई लोगों को हिरासत में ले लिया।
मोबाइल टावर पर चढ़े प्रदर्शनकारी
प्रदर्शन के दौरान रामगुलाम चौक के पास कुछ प्रदर्शनकारी मोबाइल टावर पर चढ़ गए। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रदर्शनकारियों के समर्थन में राजद नेता तेज प्रताप यादव भी वहां पहुंचे और तिरंगा लहराकर प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया। बाद में पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
डाकबंगला चौराहे पर बेकाबू हुई स्थिति
भारी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद प्रदर्शनकारी डाकबंगला चौराहे तक पहुंच गए। वहां उन्होंने जोरदार प्रदर्शन किया। पुलिस के अनुसार, जब भीड़ को रोकने की कोशिश की गई तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को वहां से हटाया।
पुलिस का आरोप- पथराव और बैरिकेड तोड़ने की कोशिश
पटना के एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया और बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की। एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि जो भी सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाएगा या हिंसा करेगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कई प्रदर्शनकारी हिरासत में
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। हालांकि, हिरासत में लिए गए लोगों की आधिकारिक संख्या अभी जारी नहीं की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
राज्यभर में 70 हजार जवान तैनात
बिहार बंद को देखते हुए पूरे राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 70 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। स्थानीय पुलिस के अलावा सीआरपीएफ (CRPF) और सीआईएसएफ (CISF) के जवान भी संवेदनशील इलाकों में तैनात किए गए हैं।
कई जिलों में स्कूल बंद
एहतियात के तौर पर कई जिलों में स्कूलों को बंद रखा गया है। प्रशासन का सबसे ज्यादा फोकस पटना के अलावा जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय समेत करीब 10 संवेदनशील जिलों पर है, जहां अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
पूरे दिन अलर्ट पर रहा प्रशासन
बिहार बंद के दौरान राजधानी पटना सहित कई जिलों में प्रशासन पूरे दिन अलर्ट मोड में रहा। प्रमुख चौराहों, सरकारी कार्यालयों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर सुरक्षा बढ़ाई गई। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। फिलहाल स्थिति पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।