पटना: बिहार बंद के बीच पटना में हाई अलर्ट, प्रदर्शन कर रहे छात्रों को पुलिस ने हिरासत में लिया

BiharNewsAuthor
3 Min Read

BNT Desk: नीट पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर बुलाए गए बिहार बंद के बीच राजधानी पटना में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शहर के प्रमुख इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

 

गांधी मैदान में जुटे छात्र, पुलिस ने लिया हिरासत में

पटना के गांधी मैदान स्थित गेट नंबर-10 के पास करीब 10 से 15 छात्र हाथों में पोस्टर और तख्तियां लेकर प्रदर्शन के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान मीडिया की टीम कवरेज के लिए मौके पर पहुंची, जिसके तुरंत बाद पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे सभी छात्रों को हिरासत में ले लिया। मौके पर मौजूद कुछ यूट्यूब क्रिएटर्स को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि उन्हें किन धाराओं के तहत हिरासत में लिया गया है।

 

बिहार बंद को लेकर पूरे राज्य में सुरक्षा बढ़ाई गई

नीट पेपर लीक मामले को लेकर आज बिहार बंद का आह्वान किया गया है। इसे देखते हुए पटना सहित पूरे राज्य में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों, सरकारी कार्यालयों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

 

70 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

प्रशासन के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे बिहार में 70 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

 

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि यदि कोई कानून अपने हाथ में लेने की कोशिश करेगा या सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ेगा, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पटना में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, जबकि पुलिस पूरे दिन शहर के विभिन्न इलाकों में गश्त और निगरानी जारी रखे हुए है।

Share This Article