पटना: बिहटा में मृत्यु भोज का खाना खाने के बाद 60 से 65 लोगों की तबीयत बिगड़ी, बुखार-डायरिया की शिकायत; मेडिकल कैंप लगाया गया

BNT
By
8 Min Read

BNT Desk: राजधानी पटना से सटे बिहटा प्रखंड के कंचनपुर गांव में मृत्यु भोज का खाना खाने के बाद करीब 60 से 65 लोगों की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। बीमार लोगों में बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक शामिल बताए जा रहे हैं। कई मरीजों को बिहटा रेफरल अस्पताल, ईएसआईसी अस्पताल और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकांश मरीजों में बुखार और डायरिया की शिकायत सामने आई है। हालांकि, फिलहाल सभी मरीजों की स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया। गांव में मेडिकल कैंप लगाया गया है। साथ ही मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए लगातार एंबुलेंस भेजी जा रही है। भोजन में किसी तरह की गड़बड़ी या दूषित खाना खाने से लोगों की तबीयत खराब हुई है या इसकी कोई दूसरी वजह है, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

 

मृत्यु भोज के अगले दिन बिगड़ने लगी लोगों की तबीयत

जानकारी के अनुसार, बिहटा थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव में सुनील कुमार सिंह के परिवार में 15वीं दिन बरखी के मौके पर मृत्यु भोज का आयोजन किया गया था। इसमें गांव और आसपास के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। भोजन में दाल, चावल, सब्जी समेत कई व्यंजन बनाए गए थे। बताया जा रहा है कि सोमवार की रात लोगों ने भोजन किया। खाना खाने के तुरंत बाद किसी को कोई विशेष परेशानी नहीं हुई। लेकिन अगले दिन सुबह से ही कई लोगों को बुखार और डायरिया की शिकायत होने लगी। धीरे-धीरे बीमार लोगों की संख्या बढ़ने लगी, जिसके बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ लोगों को परिवार के सदस्य अपने स्तर पर निजी अस्पताल लेकर गए, जबकि कई मरीजों को सरकारी अस्पताल और ईएसआईसी अस्पताल पहुंचाया गया।

 

अस्पताल में 30 से 35 मरीज पहुंचे

रेफरल अस्पताल बिहटा के मेडिकल अफसर डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि कंचनपुर गांव में मृत्यु भोज का आयोजन हुआ था। सोमवार रात लोगों ने दाल-चावल समेत अन्य भोजन किया था। अगले दिन कई लोगों में बुखार और डायरिया की शिकायत सामने आई। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब ढाई बजे अस्पताल को सूचना मिली। इसके बाद एंबुलेंस गांव भेजी गई और वहां मेडिकल कैंप लगाया गया। अस्पताल की जानकारी के अनुसार करीब 30 से 35 मरीजों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया है। डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि फिलहाल सभी मरीजों की स्थिति सामान्य है और कोई भी खतरे में नहीं है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों को भी लगाया गया है, ताकि मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।

 

50 से 60 लोगों के बीमार होने की जानकारी

स्थानीय निवासी गोपाल कुमार ने बताया कि सुनील कुमार सिंह के परिवार में 15वीं दिन बरखी के अवसर पर मृत्यु भोज रखा गया था। इसमें दाल, चावल और सब्जी समेत भोजन तैयार किया गया था। भोजन करने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। स्थानीय स्तर पर करीब 50 से 60 लोगों के बीमार होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से कुछ लोगों का इलाज बिहटा रेफरल अस्पताल में चल रहा है, जबकि कुछ मरीज ईएसआईसी अस्पताल और निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। हालांकि, बीमार लोगों की वास्तविक संख्या को लेकर अलग-अलग आंकड़े सामने आ रहे हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से जांच और मरीजों की निगरानी की जा रही है।

 

रात में चावल खाने वाले कई लोगों को हुई परेशानी

मरीज आलोक कुमार ने बताया कि मृत्यु भोज में दिन के समय पूरी-जलेबी और रात में चावल का भोजन था। उनके मुताबिक, रात में चावल खाने वाले कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों को रात से ही परेशानी शुरू हो गई थी, जबकि कुछ लोगों को सुबह बुखार और डायरिया की शिकायत हुई। इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया और फिलहाल उनकी स्थिति ठीक बताई जा रही है। मरीजों के बयान के आधार पर भोजन को लेकर सवाल जरूर उठ रहे हैं, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बीमारी की वजह भोजन ही था या कोई अन्य कारण। इसकी पुष्टि फूड सेफ्टी टीम की जांच और सैंपल रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

 

गांव में लगाया गया मेडिकल कैंप

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और मेडिकल कैंप लगाया। मेडिकल टीम बीमार लोगों की जांच कर रही है और जरूरत के अनुसार उन्हें अस्पताल भेजा जा रहा है। प्रशासन की ओर से भी पंचायत में लगातार एंबुलेंस भेजने की व्यवस्था की गई है। जिन मरीजों में तेज बुखार या डायरिया के लक्षण ज्यादा पाए जा रहे हैं, उन्हें अस्पताल में भर्ती कर इलाज कराया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में मौजूद रहकर लोगों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

 

फूड इंस्पेक्टर की टीम ने शुरू की जांच

दानापुर एसडीपीओ-2 अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि बिहटा थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव में सुनील कुमार सिंह के घर श्राद्ध कार्यक्रम था। इसमें गांव और आसपास के लोग भोजन करने पहुंचे थे। भोजन के बाद कई लोगों के बीमार होने की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि घटना के बाद मेडिकल टीम गांव में कैंप कर रही है। इसके साथ ही फूड इंस्पेक्टर की टीम भी मौके पर पहुंची है और पूरे मामले की जांच कर रही है। फूड सेफ्टी टीम की ओर से भोजन के सैंपल भी लिए गए हैं। अब इन सैंपलों की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

 

रिपोर्ट आने के बाद साफ होगी बीमारी की वजह

बिहटा के प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि शाम करीब छह बजे लोगों के अचानक बीमार होने की सूचना मिली। इसके बाद लगातार एंबुलेंस भेजकर मरीजों को अस्पताल पहुंचाया गया।उन्होंने बताया कि जिन मरीजों को तेज बुखार था, उनका डॉक्टरों की टीम ने इलाज किया। फिलहाल मरीजों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। प्रशासन की ओर से गांव में स्वास्थ्य और एंबुलेंस व्यवस्था जारी रखी गई है। अधिकारियों के अनुसार, भोजन के सैंपल लिए जा चुके हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि लोगों की तबीयत आखिर किस वजह से बिगड़ी। फिलहाल प्रशासन ने लोगों से घबराने के बजाय जरूरत पड़ने पर तत्काल अस्पताल पहुंचने और स्वास्थ्य विभाग की सलाह लेने की अपील की है।

Share This Article