BNT Desk: अमेरिका के उत्तर-पूर्वी हिस्से में भीषण बर्फीला तूफान शुरू हो चुका है। करीब 5.9 करोड़ लोग मौसम संबंधी चेतावनियों के दायरे में हैं। मैसाचुसेट्स, कनेक्टिकट, डेलावेयर, न्यू जर्सी और रोड आइलैंड समेत कई राज्यों में आपातकाल घोषित किया गया है। अमेरिकी राष्ट्रीय मौसम सेवा (NWS) के अनुसार, न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी के कई इलाकों में आधी रात तक कई इंच बर्फ गिर चुकी थी। कुछ जगहों पर 10 इंच तक बर्फ दर्ज की गई।
न्यूयॉर्क सिटी में ब्लिज़ार्ड वार्निंग
New York City में नौ साल बाद पहली बार ब्लिज़ार्ड वार्निंग जारी की गई है। यहां 18 से 24 इंच तक बर्फ गिरने का अनुमान है, जबकि कुछ इलाकों में 28 इंच तक बर्फबारी हो सकती है। तापमान गिरकर माइनस 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। शहर में रविवार रात 9 बजे से सोमवार दोपहर 12 बजे तक पूर्ण ट्रैवल बैन लागू किया गया है। स्कूल बंद कर दिए गए हैं और सड़कों, हाईवे व पुलों को आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर आम ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया गया है।
मेयर और गवर्नर की चेतावनी
न्यूयॉर्क सिटी के मेयर Zohran Mamdani ने कहा कि सबसे ज्यादा बर्फबारी रात भर में होगी और हालात बेहद खतरनाक हो सकते हैं। वहीं न्यूयॉर्क की गवर्नर Kathy Hochul ने पूरे राज्य में आपातकाल घोषित किया है। उन्होंने नेशनल गार्ड के 100 जवानों को तैयार रहने का आदेश दिया है। गवर्नर ने कहा कि यह तूफान पिछले कई वर्षों में सबसे गंभीर हो सकता है।
तेज हवाएं और बिजली संकट की आशंका
तूफान के साथ 65 से 70 मील प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है, खासकर तटीय इलाकों में। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि पेड़ गिर सकते हैं और बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है। तूफान के कारण रविवार रात के सभी ब्रॉडवे शो रद्द कर दिए गए हैं। इसके अलावा एक्वाडक्ट रेसट्रैक पर घुड़दौड़ की प्रतियोगिताएं भी स्थगित कर दी गई हैं। प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और आपात स्थिति में ही बाहर निकलने की अपील की है।