मलेशिया: 7.1 तीव्रता का जोरदार भूकंप, फिलीपींस और ब्रुनेई तक महसूस हुए झटके

मलेशिया के सबाह तट के पास सोमवार तड़के 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। 619 किमी की गहराई के कारण जान-माल का बड़ा नुकसान नहीं हुआ और न ही सुनामी की चेतावनी जारी की गई। कोटा किनाबालु के लोगों ने करीब 10 सेकंड तक तेज कंपन महसूस किया।

BNT
By
2 Min Read

BNT Desk: सोमवार तड़के मलेशिया के तट के पास 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप का केंद्र सबाह राज्य की राजधानी कोटा किनाबालु से करीब 100 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में था। झटके समुद्र के भीतर गहराई में करीब 619 किलोमीटर पर दर्ज किए गए।भूकंप के झटके केवल मलेशिया तक सीमित नहीं रहे। पास के देशों फिलीपींस और ब्रुनेई में भी लोगों ने कंपन महसूस किया। हालांकि राहत की बात यह रही कि सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई।

क्यों संवेदनशील है यह इलाका?

मलेशिया का सबाह राज्य प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ के करीब स्थित है। यह क्षेत्र धरती की टेक्टोनिक प्लेटों की हलचल के कारण भूकंपीय रूप से सक्रिय माना जाता है। मौसम विभाग के प्रमुख मोह हिशाम मोहद अनिप ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और अब तक किसी आफ्टरशॉक की पुष्टि नहीं हुई है।

लोगों ने बताए डरावने अनुभव

हालांकि अभी तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन कोटा किनाबालु और आसपास के इलाकों में लोगों ने तेज झटके महसूस किए। एक स्थानीय ड्राइवर ने बताया, “भूकंप करीब 10 सेकंड तक चला, लेकिन लगा जैसे काफी लंबा समय हो। छत का पंखा तेजी से हिलने लगा और दीवार पर लगे फ्रेम कांपने लगे। इससे पहले इतना तेज झटका कभी महसूस नहीं हुआ। एक अन्य महिला ने कहा कि वह सो रही थीं, तभी अलमारी का दरवाजा अपने आप झूलने लगा और उनकी नींद खुल गई।

2015 के बाद सबसे बड़ा झटका

यह भूकंप 2015 के बाद मलेशिया में आया सबसे शक्तिशाली झटका माना जा रहा है। साल 2015 में सबाह के रनाउ इलाके में 6.0 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें 18 लोगों की जान गई थी।

Share This Article