BNT Desk: राजधानी पटना में एक खुशियों भरा माहौल अचानक मातम में बदल गया। पटनासिटी के संपतचक स्थित शाहपुर इलाके में एक रिसेप्शन पार्टी के दौरान अंधाधुंध फायरिंग हुई, जिसमें दो सगे भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना गोपालपुर थाना क्षेत्र की है और बताया जा रहा है कि मामला पुरानी जमीनी रंजिश से जुड़ा हुआ है।
बहुभात की दावत बनी काल
जानकारी के अनुसार, शाहपुर में दौलत राय के घर रिसेप्शन (बहुभात) का कार्यक्रम चल रहा था। परिवार और रिश्तेदार खुशी-खुशी जश्न मना रहे थे। इसी दौरान मंजीत और मनीष नाम के दो भाई खाना खा रहे थे। तभी अचानक कुछ लोगों ने दनादन गोलियां चलानी शुरू कर दीं। फायरिंग होते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। गोली लगने से दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत इलाज के लिए NMCH अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों की मौत हो गई।
40 साल पुराना जमीनी विवाद
मृतकों के पिता राजकिशोर राय ने आरोप लगाया है कि यह हत्या पुरानी जमीन विवाद का नतीजा है। उनके अनुसार, करीब 6 एकड़ जमीन को लेकर पिछले 40 साल से विवाद चल रहा था। उन्होंने कहा कि कृष्णा राय और प्रेम राय के बेटे और पोते ने इस घटना को अंजाम दिया है। राजकिशोर राय का कहना है कि कुछ दिन पहले ही कोर्ट में सुनवाई के दौरान उन्हें धमकी दी गई थी कि अंजाम बहुत बुरा होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि उसी धमकी को सच कर दिखाते हुए उनके दोनों बेटों की हत्या कर दी गई।
पुलिस का बयान और जांच
सिटी एसपी (पूर्वी) परिचय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुराने विवाद की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं और पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।