BNT Desk: आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप का 21वां मुकाबला आज अमेरिका (USA) और नीदरलैंड के बीच खेला जाएगा। यह मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में होगा। मुकाबला शाम 7 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 6:30 बजे किया जाएगा। दोनों टीमें ग्रुप-ए का हिस्सा हैं और इस मैच का रिजल्ट दोनों टीमों के लिए बहुत अहम माना जा रहा है।
पॉइंट्स टेबल की स्थिति
नीदरलैंड की टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत पाकिस्तान से करीबी हार के साथ की थी। हालांकि इसके बाद टीम ने शानदार वापसी करते हुए नामीबिया को हराया। इस जीत के बाद नीदरलैंड के पास 2 पॉइंट्स हैं और टीम पॉइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर मौजूद है। दूसरी तरफ अमेरिका की टीम को अभी तक जीत नहीं मिली है। टीम को भारत और पाकिस्तान दोनों से हार झेलनी पड़ी है। इसी वजह से अमेरिका पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर है और टीम पर जीत का दबाव ज्यादा है।
हेड टू हेड रिकॉर्ड
अगर अमेरिका और नीदरलैंड के बीच पिछले रिकॉर्ड की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अब तक 3 टी-20 मैच खेले गए हैं। इन सभी मुकाबलों में नीदरलैंड ने जीत हासिल की है। खास बात यह है कि दोनों टीमें पहली बार टी-20 वर्ल्ड कप में एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी।
मैच का महत्व
आज का मुकाबला दोनों टीमों के लिए करो या मरो जैसा है। अगर अमेरिका यह मैच हार जाता है तो टीम सुपर-8 स्टेज की रेस से लगभग बाहर हो जाएगी। वहीं अगर नीदरलैंड हारता है तो उसके लिए भी अगले राउंड में पहुंचना काफी मुश्किल हो सकता है। इसलिए फैंस को एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।