‘इमरजेंसी’ से शुरू हुई बयानबाज़ी; कंगना पर प्रकाश राज की तीखी प्रतिक्रिया

मशहूर अभिनेता प्रकाश राज ने ए.आर. रहमान को 'एंटी-नेशनल' कहने पर कंगना रनौत पर तीखा पलटवार किया है। प्रकाश राज ने कहा कि अपनी फिल्म में काम न करने पर किसी को देशद्रोही कहना गलत है और कंगना की फिल्म 'इमरजेंसी' को 'प्रोपेगेंडा' करार दिया।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: बॉलीवुड में बयानों के तीर चलना कोई नई बात नहीं है, लेकिन इस बार मामला काफी गरमा गया है। मशहूर अभिनेता प्रकाश राज ने बॉलीवुड क्वीन कंगना रनौत पर तीखा हमला बोला है। यह पूरा विवाद दिग्गज संगीतकार ए.आर. रहमान को लेकर शुरू हुआ, जिन्हें कंगना ने ‘एंटी-नेशनलिस्ट’ (देश विरोधी) कह दिया था। प्रकाश राज ने कंगना के इस बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कुछ लोग इस मुद्दे पर बेवजह “भोंक” रहे हैं।

आखिर क्या है पूरा विवाद?

इस विवाद की शुरुआत तब हुई जब ए.आर. रहमान ने एक इंटरव्यू में अपनी फिल्म ‘छावा’ और इंडस्ट्री में काम मिलने के संघर्ष पर बात की। रहमान के इस बयान के बाद कंगना रनौत भड़क गईं और उन्होंने सोशल मीडिया पर उन पर निशाना साधा। कंगना ने आरोप लगाया कि रहमान ने उनकी फिल्म ‘इमरजेंसी’ में काम करने से मना कर दिया क्योंकि वह इसे एक ‘प्रोपेगेंडा’ फिल्म मानते थे। कंगना ने यहाँ तक कह दिया कि उन्होंने रहमान से ज्यादा नफरत से भरा इंसान आज तक नहीं देखा।

प्रकाश राज ने क्यों सुनाई खरी-खोटी?

प्रकाश राज हमेशा से अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने रहमान का बचाव करते हुए कहा कि जिस इंसान ने ‘माँ तुझे सलाम’ जैसा गाना दिया और देश को दो ऑस्कर दिलाए, उस पर सवाल उठाना गलत है। प्रकाश राज ने कंगना का नाम लिए बिना कहा कि एक ‘लेडी डायरेक्टर और एक्ट्रेस’ सिर्फ इसलिए किसी को एंटी-नेशनल कह रही है क्योंकि उस कलाकार ने उनके साथ काम करने से मना कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि रहमान काम के लिए भीख नहीं मांग रहे, वो सिर्फ अपनी सच्चाई रख रहे हैं।

कंगना की ‘इमरजेंसी’ पर सवाल

कंगना ने अपनी पोस्ट में यह भी दावा किया था कि उनकी फिल्म ‘इमरजेंसी’ को क्रिटिक्स ने मास्टरपीस बताया है और विपक्षी पार्टियों ने भी इसकी सराहना की है। हालांकि, प्रकाश राज ने इसे ‘प्रोपेगेंडा’ फिल्म करार दिया। उन्होंने कहा कि लोग अपनी फिल्म को जबरदस्ती क्लासिक बताने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि हकीकत कुछ और है। फिलहाल इस विवाद ने सोशल मीडिया को दो हिस्सों में बाँट दिया है—एक तरफ रहमान के चाहने वाले हैं, तो दूसरी तरफ कंगना के समर्थक।

Share This Article