BNT Desk: बिहार के जहानाबाद जिले में एक मामूली सड़क दुर्घटना ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। मामला बराबर पर्यटन थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव का है, जहां गाड़ी की टक्कर को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से जमकर मारपीट हुई, जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
वाहन की टक्कर से शुरू हुआ विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक वाहन के टकराने से हुई। बताया जाता है कि एक ऑटो अंगुरबागन गांव से लौट रहा था। इसी दौरान आगे चल रहे किसी अज्ञात वाहन ने एक फोरव्हीलर में टक्कर मार दी। गलतफहमी में ग्रामीणों ने ऑटो चालक को पकड़ लिया। पहले कहासुनी हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। कुछ ही देर में दोनों पक्ष लाठी-डंडों के साथ भिड़ गए और गांव का माहौल बिगड़ गया।
दुकान बंद करते समय हमला, कई लोग घायल
वहीं दूसरे पक्ष की एक युवती ने बताया कि उसकी मां गांव में ही दुकान चलाती है। बुधवार देर शाम किसी बात को लेकर विवाद हुआ। जब उसकी मां दुकान बंद कर रही थी, तभी कुछ लोग वहां पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। इस घटना में बैजनाथ यादव, हसमत बानो, धीरेंद्र यादव और शाहजहां आलम सहित सात-आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में इलाज, पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को मखदुमपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद दो घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जहानाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही बराबर पर्यटन और मखदुमपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में लिया। पुलिस ने महिलाओं समेत कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस कैंप कर रही है और प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।