T20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया का जलवा, नंबर-1 बनी भारत की टीम, पाकिस्तान टॉप-5 से बाहर

ICC की ताज़ा T20 रैंकिंग में टीम इंडिया 273 रेटिंग के साथ नंबर-1 बनी हुई है। वर्ल्ड कप से पहले भारत का दबदबा कायम है, जबकि पाकिस्तान टॉप-5 से बाहर हो गया है। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दूसरे-तीसरे स्थान पर हैं।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: अगले कुछ ही दिनों में यानी 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका की धरती पर आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का शंखनाद होने जा रहा है। इस मेगा इवेंट के शुरू होने से ठीक पहले आईसीसी ने अपनी ताज़ा टी20 रैंकिंग जारी कर दी है। भारतीय फैंस के लिए खुशखबरी यह है कि 2024 की चैंपियन टीम इंडिया अभी भी 273 रेटिंग पॉइंट्स के साथ दुनिया की नंबर वन टीम बनी हुई है। 3 फरवरी को आखिरी इंटरनेशनल मैच खेले जाने के बाद यह लिस्ट फाइनल की गई है। रैंकिंग में दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया (261 रेटिंग) और तीसरे पर इंग्लैंड (259 रेटिंग) मौजूद है।

पाकिस्तान की हालत और टॉप टीमों का समीकरण

अगर बात पड़ोसी देश पाकिस्तान की करें, तो रैंकिंग में उनके लिए मिला-जुला हफ्ता रहा। नखरेबाजी और खराब फॉर्म के कारण पाकिस्तान की टीम टॉप-5 से बाहर हो चुकी है। हालांकि, हाल ही में ऑस्ट्रेलिया को 3-0 से हराने के बाद पाकिस्तानी टीम छठे पायदान पर पहुँच गई है और वेस्टइंडीज को सातवें नंबर पर धकेल दिया है। न्यूजीलैंड चौथे और साउथ अफ्रीका पांचवें स्थान पर काबिज हैं। इंग्लैंड ने भी श्रीलंका को हालिया सीरीज में 3-0 से धूल चटाई है, लेकिन इससे उनकी रैंकिंग पर कोई खास फर्क नहीं पड़ा और वे तीसरे स्थान पर ही बने हुए हैं।

बांग्लादेश बाहर, इन छोटी टीमों की हुई एंट्री

इस वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा उलटफेर रैंकिंग या खेल से नहीं बल्कि विवाद से जुड़ा है। दुनिया की 9वें नंबर की टीम बांग्लादेश टॉप-10 में होने के बावजूद वर्ल्ड कप नहीं खेल रही है। दरअसल, बांग्लादेश ने भारत में खेलने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद आईसीसी ने उन्हें टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा दिया। उनकी जगह स्कॉटलैंड (रैंकिंग 14) को मौका मिला है। हैरानी की बात यह है कि इस बार 27वें नंबर की टीम इटली भी वर्ल्ड कप के बड़े मंच पर अपना हुनर दिखाएगी।

रैंकिंग की टॉप-10 टीमें एक नज़र में

आईसीसी की फाइनल लिस्ट के अनुसार टॉप-10 में भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका टॉप-5 टीमें हैं। इसके बाद पाकिस्तान छठे, वेस्टइंडीज सातवें, श्रीलंका आठवें और अफगानिस्तान दसवें नंबर पर है। टॉप-20 में से 19 टीमें इस वर्ल्ड कप का हिस्सा हैं। अब देखना यह होगा कि नंबर वन की कुर्सी पर बैठी टीम इंडिया क्या अपने घर में एक बार फिर ट्रॉफी उठा पाएगी या कोई और टीम बाजी मारेगी।

Share This Article