पटना: पाटलिपुत्र में दिनदहाड़े दुकान में घुसकर दुकानदार पर चलाई गोली, लोगों ने आरोपी को दबोचा

पटना के पाटलिपुत्र में दिनदहाड़े एक अपराधी ने दुकानदार पर गोली चला दी, लेकिन सतर्कता की वजह से दुकानदार बाल-बाल बच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए अपराधी को हथियार समेत दबोच लिया और पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: बिहार की राजधानी पटना में बेखौफ अपराधियों के मंसूबे एक बार फिर सामने आए हैं। मंगलवार को दीघा थाना क्षेत्र के पाटलिपुत्र इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक हथियारबंद अपराधी हत्या की नीयत से एक दुकान में घुस गया। अपराधी के पास एक लोडेड पिस्तौल और कट्टा था। उसने सीधे दुकानदार को निशाना बनाकर गोली दाग दी। लेकिन कहते हैं न कि ‘जाको राखे साइयां मार सके न कोय’, दुकानदार की सूझबूझ और फुर्ती की वजह से गोली उसे नहीं लगी और उसकी जान बाल-बाल बच गई।

मौके पर मौजूद भीड़ ने अपराधी को सिखाया सबक

जैसे ही गोली चलने की आवाज गूंजी, आसपास के लोग सहमने के बजाय बहादुरी दिखाते हुए अपराधी की ओर झपट पड़े। अपराधी ने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उसे चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया। गुस्से में आई भीड़ ने अपराधी की जमकर धुनाई कर दी। अगर लोग समय पर दखल नहीं देते, तो अपराधी अपने खूनी इरादों में कामयाब हो सकता था। पकड़े गए अपराधी के पास से पुलिस ने घातक हथियार बरामद किए हैं।

पुलिस की कार्रवाई और अपराधी की गिरफ्तारी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर अपराधी को लोगों के चंगुल से छुड़ाया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा। दुकानदारों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है।

अधिकारियों ने दी घटना की पूरी जानकारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घटना की पुष्टि करते हुए डीएसपी-2 (विधि व्यवस्था) दिव्यांजलि जायसवाल ने बताया कि पुलिस ने अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से हथियार भी जब्त किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस हमले के पीछे का असली मकसद क्या था और क्या इस साजिश में कोई और भी शामिल है।

Share This Article