T20 में बटलर बने दुनिया के चौथे सबसे बड़े रन बनाने वाले बल्लेबाज

इंग्लैंड के जोस बटलर ने 402वें अंतरराष्ट्रीय मैच में जेम्स एंडरसन का रिकॉर्ड तोड़कर सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाले इंग्लिश क्रिकेटर बन गए। टी20 में उन्होंने 3925 रन बना कर दुनिया के चौथे सबसे बड़े रन बनाने वाले बल्लेबाजों में अपना नाम दर्ज कर लिया है।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: इंग्लैंड के धाकड़ बल्लेबाज जोस बटलर ने क्रिकेट की दुनिया में एक ऐसा मुकाम हासिल कर लिया है, जो उनसे पहले कोई भी अंग्रेज खिलाड़ी नहीं कर पाया था। श्रीलंका के खिलाफ खेले गए दूसरे टी20 मैच के दौरान बटलर ने अपने करियर का 402वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेला। इसी के साथ वह अब इंग्लैंड की तरफ से सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाले क्रिकेटर बन गए हैं। इस मैच में उन्होंने न सिर्फ कप्तानी की, बल्कि 29 गेंदों में 39 रनों की तेज पारी खेलकर टीम को जीत दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है।

महान गेंदबाज जेम्स एंडरसन का रिकॉर्ड टूटा

बटलर से पहले यह बड़ा रिकॉर्ड इंग्लैंड के दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन के नाम था। एंडरसन ने अपने करियर में कुल 401 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले थे, लेकिन अब 35 साल के जोस बटलर ने उन्हें पीछे छोड़ दिया है। बटलर के करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक 57 टेस्ट, 199 वनडे और 146 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। हालांकि उन्होंने सितंबर 2022 के बाद से कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है, लेकिन सफेद गेंद के क्रिकेट में उनका दबदबा आज भी कायम है। उन्होंने तीनों फॉर्मेट को मिलाकर अब तक कुल 12,308 रन बनाए हैं।

टी20 इंटरनेशनल में दुनिया के चौथे नंबर के बल्लेबाज

जोस बटलर सिर्फ मैच खेलने के मामले में ही आगे नहीं हैं, बल्कि रनों के मामले में भी वह दुनिया के टॉप बल्लेबाजों को टक्कर दे रहे हैं। वह टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। बटलर के नाम इस फॉर्मेट में अब 3925 रन दर्ज हैं। दिलचस्प बात यह है कि उनसे आगे सिर्फ बाबर आजम, रोहित शर्मा और विराट कोहली हैं। चूंकि रोहित और कोहली अब टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं, ऐसे में बटलर के पास बहुत जल्द इन दोनों दिग्गजों को पीछे छोड़ने का सुनहरा मौका है।

टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 खिलाड़ी

बटलर जिस तरह की फॉर्म में हैं, उसे देखकर लगता है कि वह जल्द ही 4 हजार रनों का आंकड़ा पार कर लेंगे। फिलहाल टी20 क्रिकेट के शिखर पर बैठे टॉप-5 खिलाड़ियों की लिस्ट कुछ इस प्रकार है:

बाबर आजम: 4505 रन (139 मैच)

रोहित शर्मा: 4231 रन (159 मैच)

विराट कोहली: 4188 रन (125 मैच)

जोस बटलर: 3925 रन (146 मैच)

पॉल स्टर्लिंग: 3888 रन (161 मैच)

Share This Article