BNT Desk: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से पुलिस की बदसलूकी का एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। शहर के व्यस्त टावर चौक पर वाहन जांच के दौरान एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने सारी मर्यादाएं लांघते हुए एक बाइक सवार युवक को सरेआम थप्पड़ जड़ दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल रहा है, जिसके बाद बिहार पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
आखिर क्या था पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना नगर थाना क्षेत्र के टावर चौक की है। यहाँ ट्रैफिक पुलिस की टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक को रोका गया। बताया जा रहा है कि युवक के पास गाड़ी के कागजों में कुछ कमी थी। जब पुलिसकर्मी ने गाड़ी को थाने ले जाने की बात कही, तो युवक अपनी बाइक की चाबी देने में आनाकानी करने लगा। बस इसी बात पर पुलिसकर्मी का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया।
बीच सड़क पर बरसाए थप्पड़
हंगामा तब बढ़ गया जब चाबी न मिलने पर गुस्से में लाल सिपाही पैदल ही बाइक खींचकर थाने ले जाने लगा। जब युवक पीछे-पीछे अपनी बाइक लेने पहुंचा, तो सिपाही ने आपा खो दिया और सरेआम युवक के गाल पर थप्पड़ रसीद कर दिया। वहां मौजूद राहगीरों ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल में कैद कर लिया। Bihar News Today इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं करता है, लेकिन वीडियो में पुलिसकर्मी का व्यवहार साफ तौर पर देखा जा सकता है।
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोग पूछ रहे हैं कि क्या नियम तोड़ने की सजा सरेआम मारपीट है? पुलिस को चालान काटने का अधिकार है, लेकिन किसी नागरिक पर हाथ उठाना कानून का उल्लंघन है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वाहन जांच के नाम पर पुलिस अक्सर आम जनता के साथ इसी तरह का व्यवहार करती है। अब देखना यह है कि वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए विभाग इस ‘थप्पड़बाज’ सिपाही पर क्या कार्रवाई करता है।