BNT Desk: बिहार के पूर्णिया जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ के मशहूर मक्का कारोबारी सूरज बिहारी (सूरज यादव) की बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां चलाकर हत्या कर दी। घटना मंगलवार की है जब सूरज अपने छोटे भाई को बदमाशों के कब्जे से छुड़ाने के लिए नेवालाल चौक पहुंचे थे। जैसे ही वह अपनी गाड़ी से नीचे उतरे, घात लगाकर बैठे अपराधियों ने उन पर 5 राउंड फायरिंग कर दी, जिसमें से 3 गोलियां उन्हें लगीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
इंस्टाग्राम रील से शुरू हुआ था विवाद
इस पूरी खूनी रंजिश की शुरुआत बहुत ही मामूली बात से हुई थी। बताया जा रहा है कि सरस्वती पूजा के दिन इंस्टाग्राम रील बनाने को लेकर सूरज के छोटे भाई उदय यादव की ब्रजेश और नंदू सिंह से बहस हुई थी। उस दिन तो मामला शांत हो गया था, लेकिन मंगलवार सुबह आरोपियों ने उदय को घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने उदय को बंधक बना लिया, जिसके बाद उसने अपने बड़े भाई सूरज को फोन कर मदद के लिए बुलाया।
समझौते के बहाने बुलाकर मारी गोली
सूरज बिहारी अपने निजी गार्ड प्रेम कुमार के साथ नेवालाल चौक पहुंचे। आरोपियों ने उन्हें फोन पर समझौते के लिए बुलाया था, लेकिन उनका इरादा कुछ और ही था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सूरज के गाड़ी से उतरते ही ब्रजेश और नंदू सिंह ने उन पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। उनके गार्ड और फुफेरे भाई ने उन्हें बचाने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उन पर भी फायरिंग की, जिससे उन्हें जान बचाकर भागना पड़ा। सूरज की पीठ, कमर और बांह में गोलियां लगीं।
इलाके में तनाव, पुलिस और सांसद का कड़ा रुख
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही सदर और मरंगा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेजा। इस बीच, पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने अस्पताल पहुंचकर पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी ब्रजेश और नंदू शराब के अवैध धंधे में शामिल हैं और उन्हें स्थानीय थाने का संरक्षण प्राप्त है। पुलिस फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।