BNT Desk: बिहार की राजधानी को दहला देने वाले NEET छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में आज एक बहुत बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने इस केस में अपनी कार्रवाई तेज करते हुए 6 संदिग्ध युवकों को पकड़कर उनका DNA सैंपल लिया है। इन सभी को भारी सुरक्षा के बीच पटना के गर्दनीबाग अस्पताल ले जाया गया, जहाँ मजिस्ट्रेट के सामने उनके सैंपल लिए गए। यह कदम तब उठाया गया है जब फॉरेंसिक रिपोर्ट (FSL) में छात्रा के कपड़ों से पुरुष स्पर्म मिलने की पुष्टि हुई है। इस खुलासे के बाद अब पुलिस दोषियों के गले तक पहुँचने के बेहद करीब नजर आ रही है।
20 दिन बाद जागी पटना पुलिस, अब केस में बढ़ेंगी धाराएं
इस पूरे मामले में पुलिस की कार्यशैली पर लगातार सवाल उठ रहे थे। चौतरफा दबाव और किरकिरी होने के बाद अब पटना पुलिस की नींद टूटी है। ताजा जानकारी के मुताबिक, अब इस केस में ‘पॉक्सो एक्ट’ (POCSO Act) जोड़ने की तैयारी पूरी कर ली गई है। दरअसल, मृतका के परिजनों ने SIT को बताया है कि छात्रा की उम्र 18 साल से कम थी। इसके सबूत के तौर पर परिवार ने छात्रा का आधार कार्ड और मैट्रिक का सर्टिफिकेट भी पुलिस को सौंप दिया है। इन दस्तावेजों को देखने के बाद अब पुलिस छात्रा को नाबालिग मानकर कोर्ट में अर्जी देने वाली है, ताकि कड़ी धाराओं के तहत केस चलाया जा सके।
माता-पिता और भाई के भी लिए गए ब्लड सैंपल
सिर्फ संदिग्ध ही नहीं, बल्कि जांच की आंच अब छात्रा के पैतृक गांव तक भी पहुँच गई है। बीती रात SDPO डॉ. अनु कुमारी के नेतृत्व में SIT और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम जहानाबाद के पतियावां गांव पहुँची। वहाँ टीम ने छात्रा के माता-पिता, भाई और दो मामा समेत परिवार के 5 सदस्यों के ब्लड सैंपल लिए। पुलिस का मकसद इन सैंपल्स के जरिए उन सबूतों का मिलान करना है जो छात्रा के शव के पास से मिले थे। देर रात हुई इस कार्रवाई से गांव में हड़कंप मच गया, लेकिन जांच एजेंसियां अब किसी भी कीमत पर कोई कसर नहीं छोड़ना चाहतीं।
कोर्ट की अनुमति का इंतजार, जल्द होगा बड़ा खुलासा
जैसे ही कोर्ट से पॉक्सो एक्ट जोड़ने की अनुमति मिलेगी, यह पूरा मामला विशेष पॉक्सो अदालत में ट्रांसफर हो जाएगा। इसका मतलब है कि आरोपियों के पकड़े जाने पर उन्हें कड़ी सजा मिलना तय है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि DNA रिपोर्ट आने में अब ज्यादा वक्त नहीं लगेगा और जैसे ही लैब से रिजल्ट आएगा, यह साफ हो जाएगा कि उस काली रात छात्रा के साथ दरिंदगी करने वाले कौन थे। SIT अब तक पांच बार गांव का दौरा कर चुकी है और हर छोटे सुराग को जोड़कर कातिलों तक पहुँचने की कोशिश कर रही है।