BNT Desk: वेस्टइंडीज और अफगानिस्तान के बीच खेले गए तीसरे टी20 मैच में एक डरावना मंजर देखने को मिला। अफगान स्टार बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज एक थ्रो लगने की वजह से मैदान पर ही गिर पड़े। हालांकि, टीम को सीरीज में 2-1 से जीत मिली, लेकिन आखिरी मैच में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
कैसे हुआ यह हादसा?
यह घटना अफगानिस्तान की पारी के 15वें ओवर में हुई। उस समय रहमानुल्लाह गुरबाज 53 रन बनाकर खेल रहे थे। गेंदबाज शमर स्प्रिंगर की गेंद पर नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े दरवेश रसूली ने शॉट खेलकर रन लेने की कोशिश की, लेकिन फिर मना कर दिया। गुरबाज अपनी क्रीज पर वापस लौट ही रहे थे कि तभी फील्डर गुडाकेश मोती का एक तेज थ्रो सीधा गुरबाज के जबड़े (Jaw) पर जा लगा। चोट इतनी तेज थी कि गुरबाज तुरंत जमीन पर गिर गए और दर्द से कराहने लगे।
मैदान पर मची अफरा-तफरी
गेंद लगते ही अंपायर और वेस्टइंडीज के खिलाड़ी तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़े। मेडिकल टीम को भी फौरन मैदान पर बुलाया गया। एक पल के लिए फैंस काफी डर गए थे क्योंकि वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें गुरबाज काफी तकलीफ में दिख रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके जबड़े में चोट आई थी। लेकिन कमाल की बात यह रही कि गुरबाज ने हार नहीं मानी। दर्द के बावजूद उन्होंने मैदान से बाहर जाने से मना कर दिया और अपनी बल्लेबाजी जारी रखी।
मैच का नतीजा और गुरबाज की पारी
रहमानुल्लाह गुरबाज ने चोटिल होने के बाद भी शानदार बल्लेबाजी की और 58 गेंदों में 71 रनों की जुझारू पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 1 छक्का शामिल था। हालांकि, दूसरे छोर से उन्हें किसी और बल्लेबाज का साथ नहीं मिला। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ब्रेंडन किंग (47 रन) की मदद से 151 रन बनाए थे। जवाब में अफगानिस्तान की टीम 136 रन ही बना सकी और 15 रनों से यह मैच हार गई।
अफगानिस्तान ने 2-1 से अपने नाम की सीरीज
भले ही वेस्टइंडीज यह तीसरा मैच जीतने में कामयाब रहा और खुद को क्लीन स्वीप से बचा लिया, लेकिन सीरीज पर कब्जा अफगानिस्तान का ही रहा। शुरुआती दो मैच जीतकर अफगान टीम ने पहले ही 2-1 की बढ़त बना ली थी। फैंस सोशल मीडिया पर गुरबाज के जज्बे की जमकर तारीफ कर रहे हैं कि चोट लगने के बाद भी वह अपनी टीम के लिए अंत तक लड़ते रहे।