BNT Desk: बिहार में शराबबंदी के बीच तस्कर अब पुलिस को चकमा देने के लिए नए-नए पैंतरे अपना रहे हैं। बेतिया के नौतन थाना इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ पुलिस सड़कों पर गाड़ियों की चेकिंग कर रही थी, लेकिन शराब माफिया खेतों के रास्ते घोड़े का इस्तेमाल कर तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए न सिर्फ 28 लीटर विदेशी शराब पकड़ी है, बल्कि तस्करी में इस्तेमाल हो रहे घोड़े और उसके मालिक को भी गिरफ्तार कर लिया है।
खेतों के रास्ते दीयारा से चंपारण जा रही थी खेप
नौतन पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मंगलवार की सुबह एक धंधेबाज घोड़े पर शराब की खेप लादकर दीयारा के इलाके से निकलने वाला है। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पासवान ने तुरंत टीम बनाई और घेराबंदी शुरू की। तस्कर रंगलाल यादव घोड़े पर शराब लेकर खेतों के रास्ते डबरिया मकरी टोला पहुँचा ही था कि पुलिस ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। जाँच में घोड़े पर लदी 28 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई, जिसे पूर्वी चंपारण ले जाने की तैयारी थी।
तस्कर गिरफ्तार, अब घोड़े के लिए ‘किसान’ की तलाश
गिरफ्तार तस्कर रंगलाल यादव नौतन थाना क्षेत्र के दक्षिण तेल्हुआ का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस फिलहाल उससे पूछताछ कर रही है ताकि इस गिरोह के बाकी लोगों तक पहुँचा जा सके। दिलचस्प बात यह है कि तस्करी में शामिल घोड़े को अब पुलिस किसी स्थानीय किसान के पास भेजने की तैयारी कर रही है, ताकि उसकी देखभाल हो सके। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गाड़ियों को छोड़ अब घोड़ों का सहारा ले रहे माफिया
यह पहली बार नहीं है जब बेतिया में जानवरों का इस्तेमाल तस्करी के लिए हुआ है। पिछले साल भी पुलिस ने दो घोड़े पकड़े थे, हालांकि तब तस्कर भागने में कामयाब रहे थे। दियारा के मुश्किल रास्तों और खेतों की मेड़ पर घोड़े आसानी से निकल जाते हैं, इसीलिए पुलिस को चकमा देने के लिए तस्कर अब इन बेजुबानों का सहारा ले रहे हैं। फिलहाल पुलिस का दावा है कि वह तस्करों के हर पैंतरे को नाकाम करने के लिए पूरी तरह तैयार है।