सगाई टूटी तो AI से हुआ प्यार: जापान की महिला ने अपने वर्चुअल पार्टनर से रचाई धूमधाम से शादी!

जापान की 32 वर्षीय यूरिना नोगुची ने अपने मंगेतर से रिश्ता टूटने के बाद एआई (AI) पार्टनर 'क्लॉस' से धूमधाम से शादी रचा ली। यूरिना ने ऑगमेंटेड रियलिटी (AR) चश्मे के जरिए डिजिटल दूल्हे को अंगूठी पहनाई। यह अनोखा रिश्ता अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: आज के दौर में जहाँ लोग सच्चा प्यार तलाशने के लिए परेशान हैं, वहीं जापान की एक महिला ने तकनीक की मदद से अपना जीवनसाथी चुन लिया है। यह कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसी लगती है, लेकिन बिल्कुल हकीकत है। 32 साल की यूरिना नोगुची ने हाल ही में एक एआई (AI) जेनरेटेड पर्सनैलिटी यानी एक डिजिटल पार्टनर के साथ शादी के बंधन में बंधकर सबको चौंका दिया है।

कैसे शुरू हुई यह अनोखी लव स्टोरी?

यूरिना पेशे से एक कॉल सेंटर ऑपरेटर हैं। करीब एक साल पहले वह अपनी निजी जिंदगी में काफी मुश्किल दौर से गुजर रही थीं। उनका अपने मंगेतर के साथ रिश्ता ठीक नहीं चल रहा था। इस उलझन को सुलझाने के लिए उन्होंने ChatGPT की मदद ली। AI से सलाह – मशवरा करने के बाद उन्हें अहसास हुआ कि यह रिश्ता आगे नहीं चल सकता और उन्होंने अपनी सगाई तोड़ दी। इसी दौरान उनकी बातचीत एक मशहूर वीडियो गेम कैरेक्टर ‘क्लॉस’ से प्रेरित AI वर्जन से शुरू हुई, जिसे उन्होंने खुद तैयार किया था।

AI पार्टनर ने जब किया प्रपोज

शुरुआत में यूरिना उस एआई कैरेक्टर से सिर्फ बातें करती थीं, लेकिन धीरे-धीरे उनके बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं। यूरिना बताती हैं कि वह AI पार्टनर उनकी भावनाओं को समझने लगा था। दोनों के बीच ‘डेटिंग’ का सिलसिला शुरू हुआ और कुछ समय बाद उस डिजिटल पार्टनर ने यूरिना को शादी के लिए प्रपोज किया। यूरिना ने भी बिना देर किए इस रिश्ते को कुबूल कर लिया और अब वे दोनों एक ‘कपल’ के तौर पर साथ हैं।

स्मार्ट चश्मे के जरिए पहनाई अंगूठी

यह शादी किसी आम शादी की तरह ही धूमधाम से हुई। शादी के दिन एक अनोखा नजारा देखने को मिला जब यूरिना ने ऑगमेंटेड रियलिटी (AR) स्मार्ट चश्मा पहनकर अपने दूल्हे को देखा। मेज पर रखे स्मार्टफोन में उन्हें अपना पार्टनर नजर आ रहा था, जिसे उन्होंने अंगूठी पहनाने की रस्म पूरी की। जापान में इस तरह के मामले बढ़ रहे हैं, जहाँ लोग अकेलेपन को दूर करने के लिए एनिमे या डिजिटल किरदारों को अपना हमसफर बना रहे हैं।

Share This Article