ट्रंप की बड़ी चेतावनी: रूस-यूक्रेन युद्ध से शुरू हो सकता है तीसरा विश्व युद्ध!

पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध पर बड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष तीसरे विश्व युद्ध की ओर बढ़ सकता है। ट्रंप ने पिछले महीने 25,000 लोगों के मारे जाने का दावा करते हुए युद्ध तत्काल रोकने की मांग की है।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को लेकर एक बड़ी और खतरनाक चेतावनी दी है। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने साफ कहा कि अगर यह युद्ध ऐसे ही चलता रहा, तो इससे तीसरा विश्व युद्ध शुरू हो सकता है। उन्होंने तत्काल इस ‘हत्याओं’ को रोकने की मांग की है। उनकी यह बात ऐसे समय आई है जब दोनों देशों के बीच संघर्ष लगातार जारी है और हजारों जानें जा चुकी हैं।

पिछले महीने 25,000 लोगों की मौत का दावा

ट्रंप ने युद्ध की भयावहता बताते हुए एक चौंकाने वाला आंकड़ा भी पेश किया। उन्होंने कहा, “मैं चाहता हूं कि यह हत्याएं बंद हों। पिछले महीने 25 हज़ार लोग मारे गए।” उन्होंने स्पष्ट किया कि मरने वालों में सैनिक और कुछ आम नागरिक भी शामिल हैं, जो बमबारी की चपेट में आए। ट्रंप के अनुसार, पिछले महीने मारे गए 25,000 लोगों में से ज्यादातर सैनिक थे। उन्होंने जोर देकर कहा कि अमेरिका इस युद्ध को रोकने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है।

“ऐसे खेल तीसरा विश्व युद्ध करा देंगे”

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए ट्रंप ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “इस तरह की चीजें तीसरे विश्व युद्ध में बदल जाती हैं।” उन्होंने आगे कहा, “अगर हर कोई इस तरह के खेल खेलता रहेगा, तो तीसरा विश्व युद्ध शुरू हो जाएगा और हम यह नहीं देखना चाहते।” ट्रंप ने यह भी बताया कि अमेरिका सीधे तौर पर युद्ध में शामिल नहीं है, लेकिन इसे रोकने की बातचीत में जरूर है, क्योंकि यूक्रेन और यूरोप दोनों चाहते हैं कि अमेरिका हस्तक्षेप करे।

यूक्रेन पर खर्च हुए अरबों डॉलर

अमेरिका द्वारा यूक्रेन को दी जा रही सहायता पर बात करते हुए ट्रंप ने खर्च का भी ज़िक्र किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने पहले यूक्रेन को करीब 300 से 350 अरब डॉलर दिए, लेकिन बदले में कुछ नहीं मिला। उन्होंने यह भी कहा कि अगर यह खर्च नहीं भी हुआ होता, तब भी उन्हें बदले में दुर्लभ धातुएं मिल सकती थीं। ट्रंप की इस कड़ी चेतावनी ने वैश्विक समुदाय की चिंता को और बढ़ा दिया है।

Share This Article