BNT Desk: अंडर-19 एशिया कप 2025 का आगाज़ आज से हो रहा है। भारतीय टीम का पहला मुकाबला आज यूएई के खिलाफ खेला जाएगा। मैच दुबई के ICC एकेडमी ग्राउंड में होगा। भारतीय टीम की कप्तानी आयुष म्हात्रे कर रहे हैं। इस टूर्नामेंट में बिहार के उभरते खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी भी टीम का हिस्सा हैं, जिससे बिहार के क्रिकेट प्रेमियों में खास उत्साह है।
वैभव सूर्यवंशी—रिकॉर्ड तोड़ने वाले युवा बल्लेबाज
वैभव ने अंडर-19 क्रिकेट में कई बड़े रिकॉर्ड बनाए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यूथ टेस्ट में सिर्फ 78 गेंदों पर शतक जड़ा था। इसके अलावा वह ब्रेंडन मैक्कुलम के बाद 100 से कम गेंदों पर दो यूथ टेस्ट शतक लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी बने। यूथ वनडे में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 52 गेंदों पर शानदार सेंचुरी लगाई थी, जो यूथ वनडे में सबसे कम गेंदों पर शतक का रिकॉर्ड है। इसी मैच में उन्होंने 10 छक्कों की मदद से 78 गेंदों पर 143 रन बनाए थे।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी चमके
वैभव सिर्फ अंडर-19 क्रिकेट में ही नहीं, बल्कि घरेलू टी-20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी कमाल कर चुके हैं। वे सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले खिलाड़ी बने। कोलकाता के ईडन गार्डन में महाराष्ट्र के खिलाफ उन्होंने 7 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 61 गेंदों पर नाबाद 108 रन बनाए। राइजिंग स्टार्स एशिया कप में भी वैभव चमके थे, जहाँ उन्होंने UAE के खिलाफ केवल 32 गेंदों में शतक पूरा किया था। इस पारी में 15 छक्के और 11 चौके शामिल थे।
IPL इतिहास का सबसे कम उम्र का खिलाड़ी
वैभव बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले हैं। पिछले साल राजस्थान रॉयल्स ने सिर्फ 14 साल की उम्र में उन्हें 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा था। यह IPL इतिहास में सबसे कम उम्र में मिला कॉन्ट्रैक्ट है। 2025 में उन्होंने IPL डेब्यू भी किया और गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलते हुए टी-20 इतिहास में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया।