BNT Desk: ब्रिटेन की सांसद (MP) ट्यूलिप सिद्दीकी को बांग्लादेश की एक अदालत ने भ्रष्टाचार के मामले में दो साल कैद की सज़ा सुनाई है। सिद्दीकी, जो बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की भांजी हैं, पर लगे इन आरोपों के चलते उन्हें इसी साल ब्रिटिश मंत्रिमंडल से इस्तीफ़ा भी देना पड़ा था। सवाल यह है कि बांग्लादेशी कोर्ट ने आख़िर क्यों एक विदेशी सांसद को सज़ा सुनाई और इसके पीछे क्या वजह है?
कौन हैं ट्यूलिप सिद्दीकी और क्यों हुई सज़ा?
ट्यूलिप सिद्दीकी (43) ब्रिटेन की संसद में हैम्पस्टेड और हाईगेट क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं और उनकी पार्टी ब्रिटेन में सत्ता में है। बांग्लादेश के भ्रष्टाचार निरोधक आयोग (ACC) ने उनके और उनके परिवार के ख़िलाफ़ भ्रष्टाचार के आरोप में ढाका की अदालत में मुक़दमा चलाया था। इस मामले में कोर्ट ने ट्यूलिप को दो साल, उनकी माँ (शेख हसीना की बहन) रेहाना को सात साल और शेख हसीना को पाँच साल की सज़ा सुनाई है।
ब्रिटेन की सांसद पर एक्शन से हड़कंप
ब्रिटेन की सांसद को बांग्लादेशी कोर्ट द्वारा सज़ा सुनाए जाने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हड़कंप मच गया है। ट्यूलिप सिद्दीकी ने इस फ़ैसले को ‘त्रुटिपूर्ण’ और ‘हास्यास्पद’ बताया है। उनका कहना है कि बांग्लादेश की सरकार केवल ‘बदले की कार्रवाई’ कर रही है। उनके वकीलों ने बांग्लादेश सरकार को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्षता पर सवाल भी उठाए थे। सिद्दीकी का कहना है कि वह बांग्लादेश की ‘गंदी राजनीति’ से विचलित नहीं होंगी और उनका ध्यान अपने संसदीय क्षेत्र पर रहेगा।
शेख हसीना और परिवार पर पहले भी हो चुकी है सज़ा
यह पहली बार नहीं है जब शेख हसीना और उनके परिवार पर सज़ा हुई हो। शेख हसीना को पहले भी फांसी के साथ 26 साल कैद की सज़ा सुनाई जा चुकी है। उन पर नरसंहार, सत्ता का दुरुपयोग और भ्रष्टाचार के 100 से ज़्यादा मुक़दमे लंबित हैं। तख़्तापलट के बाद से शेख हसीना फ़िलहाल भारत में शरण लिए हुए हैं। अब देखना होगा कि इस नए फ़ैसले पर ब्रिटेन की सरकार और ट्यूलिप सिद्दीकी आगे क्या कदम उठाती हैं।