बिहार के बेगूसराय जिले में बेखौफ बदमाशों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े बैंक लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घटना तेघड़ा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-2, हसनपुर स्थित एक्सिस बैंक की है, जहां नकाबपोश हथियारबंद अपराधियों ने सुरक्षा गार्ड को लहूलुहान कर लाखों रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
तीन बाइक पर सवार होकर आए 6 हथियारबंद बदमाश
मंगलवार सुबह करीब 11 बजे तीन अपाचे बाइक पर सवार होकर 6 नकाबपोश हथियारबंद बदमाश एक्सिस बैंक पहुंचे। जैसे ही अपराधियों ने बैंक में घुसने की कोशिश की, गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस पर बदमाशों ने पिस्टल के बट से गार्ड के सिर पर हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। गार्ड के गिरते ही सभी अपराधी बेरोकटोक बैंक के भीतर दाखिल हो गए।
बैंक के अंदर हवाई फायरिंग, ग्राहक और कर्मी बने बंधक
बैंक में घुसते ही बदमाशों ने वहां मौजूद सभी ग्राहकों और बैंक कर्मचारियों को बंधक बना लिया। दहशत फैलाने के लिए अपराधियों ने बैंक के भीतर एक राउंड हवाई फायरिंग भी की। विरोध करने पर बैंक कर्मियों को जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद कैशियर से जबरदस्ती काउंटर की चाबी छीन ली गई और काउंटर में रखे 5 से 6 लाख रुपये लूट लिए गए।
सबूत मिटाने के लिए CCTV का हार्ड डिस्क भी उखाड़ ले गए
शातिर अपराधियों ने अपने पीछे कोई सुराग नहीं छोड़ना चाहते थे। लूट के बाद फरार होने से पहले वे बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों का हार्ड डिस्क (DVR) भी उखाड़ कर अपने साथ ले गए। इसके बाद हथियार लहराते हुए सभी अपराधी मौके से फरार हो गए।
एसपी समेत पूरा पुलिस महकमा पहुंचा मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही एसपी मनीष, तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार और स्थानीय थानाध्यक्ष दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी मनीष ने बताया कि बैंक मैनेजर के अनुसार करीब 4 से 6 लाख रुपये की लूट हुई है और 5-6 नकाबपोश बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया है। बैंक के अंदर से DVR गायब है लेकिन आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नाकेबंदी कर छापेमारी की जा रही है।
Tags (हिंदी): बेगूसराय, एक्सिस बैंक लूट, तेघड़ा, नकाबपोश बदमाश, बैंक डकैती, हवाई फायरिंग, बिहार क्राइम, बिहार न्यूज, सीसीटीवी हार्ड डिस्क, गार्ड पर हमला, बेगूसराय न्यूज
Tags (English):