दानापुर: दो गुटों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग; एक युवक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

BiharNewsAuthor
5 Min Read

BNT Desk: बिहार की राजधानी पटना से सटे दानापुर थाना क्षेत्र के ताराचक इलाके में रविवार को कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ गईं। बीते कल यहां एक जगह पर कुछ युवक शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान मामूली बात को लेकर दो गुटों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद एक खूनी संघर्ष में बदल गया।

दोनों पक्षों की ओर से हथियार निकल आए और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। इस अंधाधुंध गोलीबारी में एक युवक की मौके पर ही गोली लगने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे ताराचक इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात है और इलाके में लगातार गश्त कर रही है।

दिन में दो बार और रात में भी हुई कई राउंड फायरिंग

स्थानीय निवासियों और पीड़ित परिजनों के मुताबिक, दोनों गुटों के बीच रंजिश इस कदर बढ़ गई थी कि रविवार को दिन में दो बार दोनों पक्षों के बीच झड़प और गोलीबारी हुई। इसके बाद रात में भी दोनों गुट फिर से आमने-सामने आ गए और कई राउंड गोलियां चलाई गईं।

पूरी बस्ती गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठी, जिससे स्थानीय लोगों के बीच दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल से छह से अधिक कारतूस के खोखे और शराब की कई खाली बोतलें मिली हैं। पुलिस को अंदेशा है कि इस खूनी खेल में एक से ज्यादा हथियारों का इस्तेमाल किया गया था।

नानी के घर रह रहे नितिन की गई जान, दो अस्पताल में भर्ती

इस जानलेवा हमले में मारे गए युवक की पहचान बिहटा के मुस्तफापुर निवासी नितिन कुमार के रूप में हुई है। नितिन की नानी राज मुनिया देवी ने रोते हुए बताया कि नितिन पिछले 8 सालों से अपने नानी के घर ताराचक में ही रहकर पढ़ाई और काम करता था। रविवार को जब दोनों गुटों में मारपीट और फायरिंग होने लगी, तो नितिन भी इसकी चपेट में आ गया और एक गोली सीधे उसे जा लगी।

आस-पास के पड़ोसी अमन को आनन-फानन में अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं, इस घटना में घायल हुए दो अन्य युवकों की पहचान विजय और सन्नी के रूप में हुई है। इनमें से एक घायल को इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच (PMCH) भेजा गया है, जबकि दूसरे का इलाज सगुना मोड़ के निंजा नर्सिंग होम में चल रहा है, जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

जेपी के बेटे पर गोली मारने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

नितिन की मामी आशा देवी ने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि इस पूरी गोलीबारी और हत्या के पीछे जेपी नाम के व्यक्ति के बेटे का हाथ है। उसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी (पश्चिम) भानु प्रताप सिंह ने कहा, “ताराचक में दो गुटों के बीच गोलीबारी की घटना हुई है। मौके से खोखे और शराब की खाली बोतलें मिली हैं, जिससे साफ है कि वहां शराब पार्टी चल रही थी। हम सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रहे हैं। परिजनों के बयानों के आधार पर आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।”

अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस खंगाल रही है CCTV

दानापुर के एएसपी (ASP) शिवम धाकड़ ने बताया कि अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई विशेष टीमें बनाई गई हैं। पुलिस इलाके और घटना स्थल के आस-पास लगे सभी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज को अपने कब्जे में लेकर खंगाल रही है ताकि हमलावरों के चेहरे साफ हो सकें।

इसके साथ ही संदिग्धों के मोबाइल कॉल डिटेल (CDR) और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों की भी मदद ली जा रही है। पुलिस इस बात की भी तहकीकात कर रही है कि यह विवाद सिर्फ शराब पार्टी के दौरान अचानक शुरू हुआ था या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश या जमीनी विवाद था। एएसपी ने दावा किया है कि बहुत जल्द इस पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा और सभी आरोपी जेल की सलाखों के पीछे होंगे।

Share This Article