पटना सिटी में 19 वर्षीय छात्रा ने फंदे से की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

BiharNewsAuthor
3 Min Read

BNT Desk: पटना सिटी के बाइपास थाना क्षेत्र स्थित महारानी कॉलोनी में एक 19 वर्षीय छात्रा ने कथित तौर पर फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम मामले की जांच कर रही है।

 

किराये के मकान में परिवार के साथ रहती थी छात्रा

बाइपास थाना प्रभारी रणजीत कुमार ने बताया कि शुक्रवार देर शाम पुलिस को परिजनों से सूचना मिली कि एक युवती ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एनएमसीएच) भेजा गया। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान वैशाली जिले के विदुपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफा गांव निवासी संजीत सौरव की 19 वर्षीय पुत्री स्वाति सौरभ के रूप में हुई है। वह पटना में अपने परिवार के साथ किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी।

 

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव

पुलिस ने बताया कि शनिवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल परिवार की ओर से थाने में कोई लिखित शिकायत या आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

आत्महत्या से पहले चाची से हुई थी फोन पर बात

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना से कुछ समय पहले छात्रा ने अपनी चाची से फोन पर बात की थी। बताया जा रहा है कि उस समय चाची बाजार गई हुई थीं। हालांकि, इस बातचीत का घटना से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

 

FSL रिपोर्ट का इंतजार

बाइपास थाना पुलिस और एफएसएल की टीम घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल रिपोर्ट और परिवार के बयान के आधार पर ही मौत के कारणों के बारे में कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के पीछे की वजह जानने का प्रयास कर रही है।

Share This Article