बिहार: बाढ़ प्रभावित 8.27 लाख परिवारों को आज मिलेगी ₹7-₹7 हजार की राहत राशि, CM सम्राट चौधरी करेंगे DBT,

BNT
By
4 Min Read

BNT Desk: बिहार में बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए मंगलवार को सरकार की ओर से बड़ी राहत दी जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बाढ़ प्रभावित 8 लाख 27 हजार 472 परिवारों के बैंक खातों में DBT के माध्यम से 7-7 हजार रुपये की अनुग्रह सहायता राशि भेजेंगे। इसके लिए सरकार की ओर से कुल 579.23 करोड़ रुपये की राशि जारी की जाएगी। मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे DBT के जरिए राशि ट्रांसफर किए जाने की तैयारी है। आपदा प्रबंधन विभाग ने जिलों से अंचल अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित परिवारों की सूची तैयार की है। इसी सूची के आधार पर लाभुकों के बैंक खातों में सहायता राशि भेजी जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार सुबह तक लाभुक परिवारों की संख्या में और बढ़ोतरी हो सकती है।

 

15 जिलों के 49.46 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित

इस साल गंगा, गंडक, कोसी, पुनपुन समेत कई नदियों में आई बाढ़ का असर बिहार के 15 जिलों में पड़ा है। इन जिलों के 88 प्रखंडों की 575 ग्राम पंचायतें बाढ़ की चपेट में आई हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, करीब 49.46 लाख लोगों पर बाढ़ का असर पड़ा है। बाढ़ प्रभावित जिलों में पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, लखीसराय, खगड़िया, पूर्णिया, मधेपुरा और अरवल शामिल हैं।

 

1260 सामुदायिक रसोई में मिल रहा भोजन

बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को तत्काल राहत देने के लिए सरकार की ओर से सामुदायिक रसोई भी संचालित की जा रही हैं। राज्य के अलग-अलग जिलों में फिलहाल 1260 सामुदायिक रसोई चल रही हैं। इनके माध्यम से अब तक करीब 1 करोड़ 19 लाख 33 हजार लोगों को सुबह और शाम भोजन कराया जा चुका है। हाल ही में सामुदायिक रसोई की संख्या 1257 से बढ़ाकर 1260 की गई है। वहीं, बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए 13 राहत शिविर भी संचालित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में 11,060 लोगों के रहने, भोजन, चिकित्सा और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

 

पशुओं के लिए भी राहत की व्यवस्था

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रभावित इलाकों में पशुओं के लिए भी राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। अब तक 13,121 क्विंटल पशुचारा वितरित किया जा चुका है। सरकार की ओर से बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ-साथ उनके पशुधन के लिए भी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

 

कई नदियां अब भी खतरे के निशान से ऊपर

केंद्रीय जल आयोग और मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, भागलपुर के सुल्तानगंज में गंगा का जलस्तर घट रहा है, लेकिन राज्य की कई प्रमुख नदियां अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बलतारा और कुरसेला में कोसी, खगड़िया में बूढ़ी गंडक, पटना के दीघा घाट, गांधी घाट और हाथीदह में गंगा, भागलपुर के कहलगांव, मुंगेर और श्रीपालपुर में पुनपुन, बेनीबाद में बागमती तथा दरौली में घाघरा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर दर्ज किया गया है। ऐसे में कई इलाकों में बाढ़ का प्रभाव अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। सरकार की ओर से DBT के जरिए आर्थिक सहायता के साथ सामुदायिक रसोई, राहत शिविर और पशुचारा वितरण के जरिए प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने का काम जारी है।

Share This Article