BNT Desk: बिहार के नालंदा से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसे देखकर किसी का भी दिल दहल जाए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले में एक महिला के साथ सरेआम बदसलूकी की गई। थरथरी थाना के इंचार्ज संजय कुमार सिंघानिया ने वर्दी की मर्यादा भूलकर एक महिला को बेरहमी से पीटा। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे थानेदार साहब महिला के बाल खींच रहे हैं और उसे थप्पड़ जड़ रहे हैं। यह घटना जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग पूछ रहे हैं कि क्या यही ‘महिला सम्मान’ है?
आधी रात को गिरफ्तारी और फिर बवाल
पूरी घटना थरथरी थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि थानेदार संजय कुमार सिंघानिया पुलिस टीम के साथ रामवचन गोप नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार करने पहुंचे थे। गिरफ्तारी का आधार कोर्ट का कोई पुराना आदेश बताया जा रहा है। जब पुलिस रात के अंधेरे में घर पहुंची, तो परिवार की महिलाओं ने इसका विरोध किया। नियम तो यह कहता है कि महिलाओं को संभालने के लिए महिला पुलिस साथ होनी चाहिए, लेकिन यहाँ थानेदार साहब खुद ही ‘जज’ बन बैठे और महिलाओं पर हाथ उठा दिया।
मुख्यमंत्री के मिशन को लगा बड़ा झटका
एक तरफ सीएम नीतीश कुमार बिहार में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए दिन-रात एक कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उनके अपने जिले के पुलिस अफसर सरकार की छवि मिट्टी में मिला रहे हैं। इस घटना का वीडियो पीड़ित परिवार ने चुपके से बना लिया और सोशल मीडिया पर डाल दिया। हालांकि, विवाद बढ़ने पर थानेदार का कहना है कि पुलिस पर हमला करने की कोशिश हुई थी। लेकिन वीडियो में दिख रही मारपीट उनकी सफाई पर भारी पड़ रही है।
साहब पर कब होगा एक्शन? जनता में गुस्सा
इस वीडियो के वायरल होने के बाद इलाके के लोगों में जबरदस्त गुस्सा है। लोग सोशल मीडिया पर पूछ रहे हैं कि क्या वर्दी पहनने के बाद किसी को भी कानून हाथ में लेने का हक मिल जाता है? अब सबकी नजरें जिले के बड़े अधिकारियों पर हैं। देखना यह है कि क्या इस ‘खाकी वाले गुंडे’ पर कोई सख्त कार्रवाई होती है या फिर मामले को रफा-दफा कर दिया जाएगा।