BNT Desk: रोजगार मेला योजना के तहत आज पटना के ऊर्जा स्टेडियम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन सशस्त्र सीमा बल (SSB) की ओर से किया गया। देशभर के 45 स्थानों पर एक साथ आयोजित इस रोजगार मेले में कुल 61,000 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। बिहार में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने 450 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे।
पीएम मोदी का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम को ऑनलाइन संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज 61,000 से अधिक युवा अपने जीवन की नई शुरुआत कर रहे हैं। यह विकसित भारत के निर्माण का संकल्प है। प्रधानमंत्री ने सभी चयनित युवाओं को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक है और सरकार की प्राथमिकता युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से एक बड़ा मैन्युफैक्चरिंग हब बन रहा है और “नागरिक देवो भव” की भावना के साथ सभी सेवकों को काम करना चाहिए।
ललन सिंह बोले— 10 लाख रोजगार लक्ष्य
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य 10 लाख युवाओं को रोजगार देना है। आज पटना केंद्र से बिहार के 450 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि भारत आने वाले समय में स्टार्टअप का बड़ा केंद्र बनेगा। देश में बने उत्पादों के उपयोग पर जोर दिया जा रहा है, जिससे अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
SSB ने जताया गृह मंत्रालय का आभार
SSB के महानिरीक्षक निशित कुमार उज्ज्वल ने बताया कि रोजगार मेले का यह 18वां संस्करण है। गृह मंत्रालय ने बिहार में आयोजन की जिम्मेदारी SSB को सौंपी थी। उन्होंने इसके लिए गृह मंत्री का आभार जताया।
युवाओं में दिखा उत्साह
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। नियुक्ति पत्र पाकर युवाओं में खासा उत्साह देखा गया और उन्होंने इसे अपने भविष्य के लिए बड़ा अवसर बताया।