BNT Desk: बिहार के जमुई जिले में अपराधियों ने कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए एक पिता की सरेआम हत्या कर दी। मृतक अशोक यादव (53 वर्ष) सोमवार को जमुई कोर्ट में अपने बेटे की हत्या के मामले में गवाही देकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान जमुई–सिकंदरा मुख्य मार्ग पर पद्मावत मोड़ के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
मौके पर मची अफरातफरी, अस्पताल ले जाने से पहले मौत
गोली लगते ही अशोक यादव सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अधिक खून बहने के कारण रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
पुराना भूमि विवाद और बेटे की हत्या से जुड़ा मामला
पुलिस के अनुसार, अशोक यादव का गांव में भूमि विवाद को लेकर दूसरे पक्ष से पुराना झगड़ा चल रहा था। करीब तीन साल पहले उनके बेटे विकास कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसी मामले में अशोक यादव मुख्य गवाह थे और सोमवार को अदालत में अहम बयान देकर लौट रहे थे।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश तेज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस ने जल्द खुलासे का दावा किया है।