बांग्लादेश में पत्रकारों की जान खतरे में, भीड़ बना रही निशाना

बांग्लादेश में भीड़ द्वारा मीडिया कार्यालयों पर हमले और पत्रकारों को निशाना बनाए जाने के कारण प्रेस की आज़ादी और पत्रकारों की सुरक्षा गंभीर संकट में है। हादी हत्या केस में स्पीडी ट्रायल की घोषणा की गई है।

BNT
By
3 Min Read

बांग्लादेश में राजनीतिक हिंसा और अशांति के बीच पत्रकारों की स्थिति तेजी से गंभीर होती जा रही है। देश के प्रमुख समाचार पत्रों ‘प्रोथोम आलो’ और ‘द डेली स्टार’ के कार्यालयों पर भीड़ ने तोड़फोड़ और आगजनी की घटना को अंजाम दिया, जिससे मीडिया कर्मियों को घंटों तक जीवन को खतरे में डालकर वहां से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटना ने प्रेस की आज़ादी पर बड़ा संकट खड़ा कर दिया है और अब पत्रकार खुद अपनी जान बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं, न कि सिर्फ़ अभिव्यक्ति की आज़ादी के लिए संघर्ष।

पत्रकारों पर सीधे तौर पर हमले और जान का जोखिम

पत्रकारों और मीडिया कर्मियों को सीधे तौर पर निशाना बनाया जा रहा है। भीड़ के हमलों के कारण कई पत्रकारों के जीवन को खतरा है और उन्हें खुली धमकियाँ मिल रही हैं, जिसमें उनके घरों पर हमला और तोड़फोड़ की घटनाएँ भी शामिल हैं। रिपोर्ट्स में यह भी सामने आया है कि सोशल मीडिया पर कई संदेश वायरल हुए हैं जिनमें पत्रकारों को “शिकार” करने और “घर में ढूंढ निकालने” जैसी कथित धमकियाँ दी जा रही हैं।

हादी हत्या मामले में स्पीडी ट्रायल की घोषणा

इस बीच बांग्लादेश के कानून सलाहकार आसिफ नजरुल ने घोषणा की है कि शरीफ उस्मान हादी की हत्या के मामले को स्पीडी ट्रायल ट्रिब्यूनल में चलाया जाएगा ताकि समय पर न्याय सुनिश्चित हो सके। पुलिस की जांच रिपोर्ट के जमा होने के 90 दिनों के भीतर मुकदमे की सुनवाई पूरी की जाएगी। गृह सलाहकार लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) जहाँगीर आलम चौधरी ने कहा कि जांच में प्रगति हुई है और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। अब तक कई लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें मुख्य आरोपी के परिवार के सदस्य भी शामिल हैं।

हिंसा के बाद राजनीतिक तनाव और विरोध जारी

हादी की मौत के बाद देशभर में राजनीतिक अशांति और विरोध प्रदर्शन जारी हैं। बाबजूद इसके प्रशासन ने राष्ट्रीय शोक घोषित किया है, साथ ही विपक्षी समूहों ने न्याय की मांग को लेकर अल्टीमेटम भी दिया है। पुलिस, आरएबी और बीजीबी की संयुक्त टीमें जांच में लगी हैं, लेकिन हालात अभी भी तनावपूर्ण बने हुए हैं।

Share This Article