मोतिहारी: निवेश और डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 7 करोड़ की ठगी, बिहार में 3 शातिर गिरफ्तार

मोतिहारी पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट और निवेश के नाम पर 7 करोड़ की ठगी करने वाले गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक व्यक्ति का सिबिल स्कोर सुधारने के बहाने उसके खाते से करीब 1.5 करोड़ का संदिग्ध लेनदेन किया, जिससे पुलिस को सुराग मिला और बड़ा खुलासा हुआ।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: अगर आपको लगता है कि घर बैठे निवेश से पैसा दोगुना हो जाएगा या कोई पुलिस वाला बनकर आपको फोन पर डरा रहा है, तो रुक जाइए! बिहार की मोतिहारी पुलिस ने एक ऐसे ही बड़े गैंग का पर्दाफाश किया है जिसने लोगों को डराकर और लालच देकर पूरे 7 करोड़ रुपये डकार लिए। पुलिस ने इस गिरोह के तीन मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पकड़े जाने की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है।

कैसे हुआ इस बड़े घोटाले का खुलासा?

इस गिरोह का भंडाफोड़ तब हुआ जब एक बैंक खाते में अचानक करोड़ों का लेन-देन देख पुलिस की कान खड़े हो गए। दरअसल, पूर्वी चंपारण के मधुबन निवासी भरत प्रसाद के खाते में महज 3 दिनों के भीतर (27 से 30 मई) करीब 1 करोड़ 49 लाख रुपये आए और निकाल भी लिए गए। जब पुलिस ने भरत से पूछताछ की, तो पता चला कि उसे बिजनेस लोन चाहिए था। ठगों ने उसका ‘सिबिल स्कोर’ ठीक करने के नाम पर उसका एटीएम और खाता जानकारी ले ली थी और उसी खाते को अपनी काली कमाई छिपाने का जरिया बनाया।

छापेमारी और गिरफ्तारी की पूरी कहानी

साइबर डीएसपी अभिनव परासर ने बताया कि पुलिस की तकनीकी टीम ने पटना, मोतिहारी, मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान जितेंद्र कुमार, अमल प्रकाश और ओम प्रकाश नाम के तीन शातिर ठगों को दबोचा गया। ये लोग इतने शातिर थे कि पुलिस की नजरों से बचने के लिए अलग-अलग शहरों में ठिकाने बदलते रहते थे। इनके पास से पुलिस को कई अहम दस्तावेज और सबूत मिले हैं।

ठगी का तरीका: निवेश और डिजिटल अरेस्ट

पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। यह गैंग दो तरीकों से लोगों को शिकार बनाता था। पहला— लोगों को ऊंचे मुनाफे का लालच देकर निवेश कराना, और दूसरा— सबसे खतरनाक ‘डिजिटल अरेस्ट’। इसमें ठग पुलिस या सीबीआई अधिकारी बनकर लोगों को फोन करते हैं और उन्हें केस में फंसाने की धमकी देकर घंटों वीडियो कॉल पर ‘कैद’ रखते हैं, फिर छोड़ने के बदले लाखों रुपये वसूलते हैं।

Share This Article