फेरों से पहले बवाल! दुल्हन ने ठुकराया दूल्हा, खाली हाथ लौटी बारात

बोधगया: शादी के फेरों से ठीक पहले दूल्हा पक्ष ने होटल खर्च के नाम पर ₹2 लाख माँगते हुए दुल्हन के घरवालों को बुरी तरह पीटा। इससे नाराज़ दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया, जिसके बाद बारात को खाली हाथ लौटना पड़ा। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: बोधगया (बिहार): शादी के मंडप में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दूल्हा पक्ष ने दुल्हन के घरवालों की जमकर पिटाई कर दी। इस घटना से नाराज़ होकर दुल्हन ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। नतीजन, बारात को खाली हाथ लौटना पड़ा। यह चौंकाने वाली घटना शनिवार देर रात बोधगया के एक होटल में हुई, जहां शादी समारोह चल रहा था।

होटल खर्च के नाम पर हुई मारपीट

गयाजी के अतरी थाना क्षेत्र के डिहुरी गांव निवासी सुरेश प्रसाद की बेटी की शादी बोधगया के हथियार गांव के पवन कुमार से तय हुई थी। दुल्हन के पिता सुरेश प्रसाद का आरोप है कि फेरों से कुछ घंटे पहले ही दूल्हा पवन कुमार और उनके पिता महेंद्र प्रसाद समेत कुछ अन्य लोग नशे की हालत में होटल खर्च के नाम पर ₹2 लाख की अतिरिक्त माँग करने लगे। जब लड़की पक्ष ने इसका विरोध किया, तो दूल्हा पक्ष ने अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

कई लोग हुए घायल, अस्पताल में भर्ती

इस मारपीट में लड़की पक्ष के नीलम देवी, शैलेश कुमार, सुमन कुमार समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इन सभी घायलों को इलाज के लिए गयाजी के मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बेटी और उसके परिवार के साथ हुई इस बदतमीजी और मारपीट को देखकर दुल्हन भड़क गई और उसने तुरंत ही इस शादी से इनकार कर दिया। दुल्हन का यह फैसला सुनते ही दूल्हा और बारातियों के होश उड़ गए और उन्हें बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।

पुलिस कर रही है मामले की जाँच

पीड़ित पिता सुरेश प्रसाद ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत बोधगया थाने में दर्ज कराई है। इस घटना की जानकारी मिलते ही अतरी के विधायक रोमित कुमार ने भी बोधगया थानाध्यक्ष को सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है। बोधगया थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन मिल चुका है और पुलिस ने जाँच शुरू कर दी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article