BNT Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार दौरे के बाद उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचेंगे। वैशाली जिले में कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का उद्घाटन करने के बाद पीएम मोदी शाम को लखनऊ के लिए रवाना होंगे। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर इस पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह-2026 में शामिल होंगे। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शाम 5:30 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इस दौरान प्रधानमंत्री 52 मेधावियों को सम्मानित करेंगे। समारोह में आईटीआई और औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्रों (ITC) के प्रशिक्षुओं समेत कुल 4,461 युवा शामिल होंगे।
यूपी में पहली बार कौशल दीक्षांत समारोह
उत्तर प्रदेश में पहली बार कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में विभिन्न औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को सम्मानित किया जाएगा।समारोह का उद्देश्य कौशल प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं की उपलब्धियों को पहचान देना और उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।
शाम 5 बजे लखनऊ पहुंचेंगे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार शाम करीब पांच बजे विशेष विमान से चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। इसके बाद वह एयरपोर्ट से सीधे कार्यक्रम स्थल इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के लिए रवाना होंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शाम करीब 7:30 बजे प्रधानमंत्री लखनऊ से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
सुरक्षा के लिए 4,400 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर लखनऊ में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शुक्रवार दोपहर एयरपोर्ट से लेकर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान तक प्रधानमंत्री के काफिले का कई बार रिहर्सल किया गया। एयरपोर्ट, कार्यक्रम स्थल, शहीद पथ और शहर के प्रमुख मार्गों पर 4,400 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी आठ पुलिस उपायुक्त स्तर के अधिकारियों के हाथों में होगी। इसके अलावा 10 अपर पुलिस उपायुक्त, 34 सहायक पुलिस आयुक्त, 114 इंस्पेक्टर, 946 दरोगा, 108 महिला दरोगा, 1,967 मुख्य आरक्षी और आरक्षी तथा 432 महिला मुख्य आरक्षी और आरक्षियों की तैनाती की गई है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग अलर्ट पर है। एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जा रही है।