BNT Desk: पटना में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार की मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने संवैधानिक संस्थाओं, ED-CBI की कार्रवाई, MLC सदस्यता विवाद और मंत्री अशोक चौधरी के मामलों को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। तेजस्वी यादव ने कहा कि मौजूदा सरकार में संवैधानिक संस्थाओं को बर्बाद कर दिया गया है। ये संस्थाएं स्वतंत्र रूप से काम नहीं कर रही हैं, बल्कि राजनीतिक एजेंडे और प्रोपेगेंडा के तहत काम कर रही हैं।
ED-CBI को विपक्ष के पीछे लगाने का आरोप
ED की कार्रवाई को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि विपक्ष के नेताओं के पीछे जांच एजेंसियों का लगा रहना कोई नई बात नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब से केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार बनी है, ED, CBI और इनकम टैक्स जैसी एजेंसियां केवल विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्रवाइयों से विपक्ष को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सरकार संवैधानिक संस्थाओं का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए कर रही है।
जनादेश की चोरी और ज्ञानेश कुमार को बचाने का आरोप
तेजस्वी यादव ने जनादेश की चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि इसे बचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई तरह के प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों पर भी सवाल उठाए। तेजस्वी ने कहा कि संवैधानिक संस्थाएं अब अपना काम स्वतंत्र रूप से नहीं कर रही हैं। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह जो कहते हैं, संस्थाएं वही करती हैं और उसी आधार पर लोगों को टारगेट किया जाता है।
दो MLC की सदस्यता विवाद पर सरकार को घेरा
दो MLC की सदस्यता से जुड़े विवाद पर तेजस्वी यादव ने कहा कि विधान परिषद के नियमों का हवाला देते हुए उनकी पार्टी ने आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कोई स्वतंत्र MLC शिक्षक या स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जीतने के बाद किसी राजनीतिक पार्टी की सदस्यता लेता है, तो उसकी सदस्यता रद्द क्यों नहीं होनी चाहिए? तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बीजेपी में शामिल होने वाले लोगों को पार्टी कार्यालय बुलाकर माला और पट्टा पहनाया गया, उनका स्वागत किया गया और सदस्यता ग्रहण कराई गई। इसके बावजूद उनकी सदस्यता पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में उनकी पार्टी ने नियमों के आधार पर आपत्ति दर्ज कराई है और सरकार के पास जवाब देने के लिए कोई ठोस आधार नहीं है।
अशोक चौधरी को मंत्री पद से हटाने की मांग
तेजस्वी यादव ने मंत्री अशोक चौधरी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अशोक चौधरी के खिलाफ कई मामले सामने आए हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति तीन-तीन पदों का लाभ ले रहा है और इस मामले पर राजभवन (लोक भवन) ने भी कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने कहा कि मामला गंभीर है और अशोक चौधरी को मंत्री पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है। तेजस्वी यादव ने मांग की कि सरकार अशोक चौधरी के खिलाफ कार्रवाई करे, उन्हें मंत्री पद से हटाया जाए और उनकी MLC सदस्यता रद्द की जाए।
सम्राट चौधरी पर भी लगाए गंभीर आरोप
तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘मुख्यमंत्री बाई चांस’ बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सम्राट चौधरी को न चेहरे पर वोट मिला और न ही काम के आधार पर जनता ने उन्हें चुना। तेजस्वी ने कहा कि मौजूदा सरकार में दादागिरी बढ़ गई है और बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान का सम्मान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानमंडल की नियमावली और कानूनों की लगातार धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
अशोक चौधरी की प्रोफेसर नियुक्ति पर सवाल
अशोक चौधरी की प्रोफेसर नियुक्ति को लेकर भी तेजस्वी यादव ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लगभग 60 वर्ष की उम्र में प्रोफेसर बनने को लेकर कई सवाल हैं और इस मामले की जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग सरकार के खिलाफ सवाल उठाते हैं या नियमों के उल्लंघन पर आपत्ति दर्ज कराते हैं, उन्हें पद से हटाया जाता है, जबकि गलत काम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती।
ट्रांसफर-पोस्टिंग में भ्रष्टाचार का आरोप
तेजस्वी यादव ने राज्य में ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर भी सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार में पैसे देकर ट्रांसफर और पोस्टिंग का बड़ा धंधा चल रहा है। तेजस्वी के मुताबिक, जो अधिकारी पैसे देकर पोस्टिंग हासिल कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, जबकि ईमानदारी से काम करने वाले अधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार में नियम और कानून से ऊपर कोई व्यक्ति नहीं होना चाहिए, लेकिन मौजूदा व्यवस्था में कानून की अनदेखी की जा रही है।
आर्थिक संकट और महंगाई पर भी चिंता जताई
देश की आर्थिक स्थिति पर राहुल गांधी के बयान के सवाल पर तेजस्वी यादव ने सहमति जताई। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में आर्थिक स्थिति और भयावह हो सकती है। तेजस्वी ने महंगाई, बेरोजगारी, डॉलर की मजबूती और रुपये की कमजोरी का जिक्र करते हुए कहा कि देश की आर्थिक स्थिति लगातार खराब हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार देश की संपत्तियों को बेच रही है और भविष्य की अर्थव्यवस्था को लेकर उसके पास कोई ठोस विजन नहीं है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने अच्छे दिन का वादा किया था, लेकिन आज देश की स्थिति इसके विपरीत है।
निशांत कुमार को बॉडीगार्ड द्वारा हटाए जाने पर टिप्पणी से इनकार
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यक्रम में निशांत कुमार को बॉडीगार्ड द्वारा हटाए जाने के मामले पर तेजस्वी यादव ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि यह जनता दल यूनाइटेड का आंतरिक मामला है और इस पर JDU से सवाल पूछा जाना चाहिए। तेजस्वी ने कहा कि कौन धक्का दिया और किसने नहीं दिया, इस मामले में वह कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। उन्होंने इस विवाद को संबंधित पार्टी का मामला बताया। तेजस्वी यादव ने अपने बयान में सरकार पर संविधान, कानून और संवैधानिक संस्थाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार को नियमों के अनुसार काम करना चाहिए और किसी भी व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं होना चाहिए।